कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के साथ मतभेद की खबरों को खारिज किया और उनके प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। यहां पार्टी के एक सम्मेलन में उन्होंने कहा, ‘‘मैं तृणमूल कांग्रेस का एक निष्ठावान सिपाही हूं और मेरी नेता ममता बनर्जी हैं।’’
भाजपा में शामिल होने की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग कह रहे हैं कि मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं, वे झूठी अफवाहें फैला रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन लोगों को जानता हूं जो ऐसी झूठी खबरें फैला रहे हैं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उनके निहित स्वार्थ हैं।’’ डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी ने यह भी कहा कि वह ‘‘पार्टी के भीतर गद्दारों को बेनकाब करते रहेंगे, जैसा कि उन्होंने पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान किया था।’’
पार्टी कार्यों से अभिषेक ने बना रखी है दूरी
बता दें कि पिछले कुछ महीनों से अभिषेक पार्टी के संगठनात्मक कार्यों पर आधारित पुस्तक ‘दुरुत्व’ लिख रहे हैं। पार्टी की दैनिक गतिविधियों में वह सार्वजनिक रूप से ज्यादा नजर नहीं आते है। फिलहाल वह अपने लोकसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर में ‘सेवाश्रय’ परियोजना में व्यस्त हैं। हाल में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के बीच मनमुटाव की खबरें भी सामने आई थी।
ममता ने बार-बार कहा है कि न केवल सरकार में बल्कि संगठन में भी अंतिम निर्णय उनका ही है। ममता ने पार्टी बैठक में यह भी कहा कि वह अगले 10 वर्षों तक पार्टी चलाएंगी। (भाषा इनपुट्स के साथ)