1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल में तृणमूल नेता की बेरहमी से हत्या, विधानसभा चुनाव से पहले मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल में तृणमूल नेता की बेरहमी से हत्या, विधानसभा चुनाव से पहले मचा हड़कंप

 Reported By: Onkar Sarkar Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Mar 19, 2026 11:35 am IST,  Updated : Mar 19, 2026 11:35 am IST

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में तृणमूल कांग्रेस नेता मशिउर काजी की बेरहमी से हत्या कर दी गई जिसकी वजह से सनसनी फैल गई। परिवार ने आरोप लगाया है कि साजिश के तहत मशिउर को मौत के घाट उतारा गया है।

TMC leader killed, West Bengal political murder, North 24 Parganas crime- India TV Hindi
तृणमूल कांग्रेस नेता मशिउर काजी। Image Source : REPORTER'S INPUT

उत्तर 24 परगना: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता की हत्या से हड़कंप मच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिले के हाडोया में स्थित झुजुरगाछा इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसकी पहचान 38 साल के मशिउर काजी के रूप में हुई है। वह देगंगा के चपातला ग्राम पंचायत के गंगनिया गांव के निवासी थे और तृणमूल कांग्रेस के बूथ प्रेसिडेंट थे। परिवार वालों का आरोप है कि विधानसबा चुनावों के ठीक पहले मशिउर की हत्या साजिश के तहत की गई है।

'रात मे किसी ने मशिउर को फोन किया था'

परिवार के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9:30 बजे मशिउर को किसी ने फोन किया। फोन पर बात करने के बाद वह घर से निकल गए, लेकिन रात बीत जाने के बाद भी सुबह तक घर नहीं लौटे। देर तक उनकी खोज-खबर न मिलने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। आखिरकार झुजुरगाछा इलाके में उनका क्षत-विक्षत शव मिला, जिसकी परिवार ने पहचान की। मशिउर का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुई है, जिससे राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है और विभिन्न पार्टियों के बीच टकराव की आशंका बढ़ गई है।

बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को होगा मतदान

वहीं, एक अलग घटना में दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर थाना क्षेत्र के जयतला इलाके में पुलिस ने नाका जांच के दौरान एक व्यक्ति के पास से एक लाख रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी के मुताबिक, बाइक सवार व्यक्ति संदिग्ध लगा तो उसे रोका गया और मोटरसाइकिल की तलाशी में नकदी से भरा बैग मिला। आरोपी तिलपी इलाके का रहने वाला है और कुरालिया जा रहा था। पैसों के स्रोत की जांच की जा रही है। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा की कुल 294 सीटों के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा जबकि नतीजे 4 मई को आएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।