पश्चिम बंगाल: दुर्गापुर में अमित शाह के रोड शो के समाप्त होते ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया। बांकुड़ा मोड़ इलाके में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी से शुरू होकर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। स्थिति तेजी से बिगड़ गई और दोनों पक्षों के कम से कम दो कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों को रक्तरंजित अवस्था में दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे दुर्गापुर पश्चिम के बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई और टीएमसी उम्मीदवार कवि दत्ता।
भाजपा ने लगाया आरोप, टीएमसी ने दिया जवाब
बीजेपी का आरोप है कि उनके कार्यकर्ता रवि दास को अमित शाह के रोड शो में शामिल होने के ‘अपराध’ में पीटा गया और उनका सिर फोड़ दिया गया। इस घटना को लेकर लक्ष्मण घोड़ुई ने टीएमसी पर आतंक फैलाने का आरोप लगाया।
वहीं, टीएमसी नेतृत्व ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि बीजेपी ही बेवजह तनाव पैदा कर रही है। कवि दत्ता ने कहा, “अशांति की आग लगाना आसान है, लेकिन उसे बुझाना मुश्किल है।” पूरी घटना के बाद इलाके में अभी भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
भाजपा नेता ने दी चेतावनी
बीजेपी नेता अभिजीत दत्ता ने आरोप लगाया कि हमारे नेता अमित शाह के रोड शो में भारी भीड़ देखकर टीएमसी बौखला गई थी। भाजपा नेता का आरोप है, 8 से 10 टीएमसी कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडों से हमला किया। जब हमारा एक कार्यकर्ता घर लौट रहा था तो उस पर लाठियों से हमला किया, उसके घर में तोड़फोड़ की गाई और उसकी मां को धक्का दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारियां नहीं हुईं, तो दुर्गापुर में बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा ।
टीएमसी के गुंडों ने पत्रकार को पीटा
पश्चिम बंगाल पुलिस की मौजूदगी में ही टीएमसी के गुंडों के एक गिरोह ने एक पत्रकार को जमीन पर घसीटा और उसकी पिटाई की। कल रात बीरभूम जिले के सूरी में, स्थानीय पत्रकार राजा हुसैन पर टीएमसी के गुंडों ने पार्टी के खिलाफ आलोचनात्मक रिपोर्टिंग करने के लिए हमला किया।
(पश्चिम बंगाल से बीजू मंडल की रिपोर्ट)