पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच से बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य की बहरामपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी का काफिला हादसे का शिकार हो गया है। अधीर रंजन चौधरी चुनाव प्रचार के बाद बहरामपुर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने काफिले की एक गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कई सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी घायल हो गए हैं। आइए जानते हैं कि इस हादसे को लेकर अब तक क्या जानकारी सामने आई है।
कैसे हुआ हादसा?
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, जो गाड़ी हादसे का शिकार हुई वह अधीर रंजन चौधरी के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी थी। चुनाव प्रचार पूरा करके लौटते समय अधीर रंजन चौधरी का काफिला हादसे का शिकार हो गया। बुधवार को दोपहर में कांदी शहर में अधीर चौधरी का चुनाव प्रचार था। चुनाव प्रचार पूरा करके अधीर रंजन बहरामपुर लौट रहे थे। जब वह पुलिस और सेंट्रल फोर्स की टीम के साथ बहरामपुर लौट रहे थे, तो बहरामपुर राज्य के कंदी के जिबंती इलाके में सड़क पर एक ट्रक ने अधीर रंजन चौधरी के काफिले में एस्कॉर्ट गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार डैमेज हो गई।
अधीर रंजन क्या बोले?
बहरामपुर में अपने काफिले के हादसे का शिकार होने की घटना पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का भी बयान सामने आया है। अधीर रंजन ने कहा कि पुलिस इस घटना को लेकर जांच पड़ताल करेगी। इस सवाल पर कि क्या इस हादसे के पीछे कोई साजिश हो सकती है? इसका जवाब देते हुए अधीर रंजन ने कहा कि "हो सकता हैं"। बहरहाल पुलिस और चुनाव आयोग को इस घटना के बारे में पूरी जानकारी दे दी गई है। (रिपोर्ट: ओंकार सरकार)
ये भी पढ़ें- अधीर रंजन चौधरी ने TMC को दिखाया आईना, बोले- आप तो नामांकन भी नहीं करने देते हैं दाखिल
TMC कार्यकर्ताओं की शिकायत लेकर चुनाव आयोग पहुंचे अधीर रंजन चौधरी, लगाया हमले का आरोप