West Bengal Assembly Election 2026: जगदल विधानसभा सीट पश्चिम बंगाल विधानसभा के 294 सीटों में एक अहम सीट है। यह विधानसभा सीट उत्तर 24 परगना जिले में स्थित है। एक समय यह सीट फॉरवर्ड ब्लॉक का गढ़ माना जाता था लेकिन हाल के वर्षों में यह तृणमूल और बीजेपी के संघर्ष की भूमि में तब्दील हो गया है। 2021 के चुनावों में टीएमसी उम्मीदवार ने इस सीट से जीत हासिल की थी।
जगदल विधानसभा सीट बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। यह एक पुरानी बस्ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसका नाम करीब 460 साल पुराने रिकार्ड में भी मिलता है। यह विधानसभा सीट 1977 में अस्तित्व में आई थी। तब से लेकर अब तक 10 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। अपने गठन के बाद से ही यह सीट फॉरवर्ड ब्लॉक का गढ़ बन गई थी। फॉरवर्ड ब्लॉक ने इस सीट से 6 बार जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस केवल एक बार 1996 में यह सीट जीत पाने में सफल रही। 2011 में ममता की आंधी में तृणमूल ने यह सीट जीत ली थी। उस समय से इस सीट पर लगातार टीएमसी उम्मीदवार जीतता रहा है।
2021 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सोमनाथ श्याम ने जीत हासिल की। उन्होंने बीजेपी के अरिंदम भट्टाचार्या को 18,364 वोटों से हराया। सोमनाथ श्याम को कुल 87,030 वोट हासिल हुए जबकि अरिंदम भट्टाचार्य को कुल 68,666 वोट मिले। वहीं फॉरवर्ड ब्लॉक उम्मीदवार निमाई साहा को केवल 16,748 वोटों से संतोष करना पड़ा। मत प्रतिशत की बात करें तो सोमनाथ श्याम को कुल 48.7 प्रतिशत और अरिंदम भट्टाचार्य को कुल 38.4 प्रतिशत वोट हासिल हुए।
वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से टीएमसी के पारस दत्ता ने जीत हासिल की थी। उन्होंने फॉरवर्ड ब्लॉक के हरिप्रसाद बिस्वास को 7,845 वोटों से हरा दिया था। पारस दत्ता को कुल 66,134 वोट हासिल हुए थे वहीं हरि प्रसाद बिस्वास को कुल 58,289 वोट हासिल हुए। बीजेपी के उम्मीदवार डॉ. सुजीत कुमार घोष तीसरे नंबर पर रहे और उन्हें कुल 24,037 वोट हासिल हुए। मत प्रतिशत की बात करें तो पारस दत्ता को 42.4 प्रतिशत और हरिप्रसाद बिस्वास को 37.3 प्रतिशत वोट हासिल हुए।
संपादक की पसंद