West Bengal Election 2026 LIVE: आज पश्चिम बंगाल के लिए एक अहम दिन है, क्योंकि 152 निर्वाचन क्षेत्रों में पहले चरण का मतदान चल रहा है। इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उत्तर में दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी से लेकर दक्षिण में मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम और हुगली तक के जिलों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं। पहले चरण में राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से आधे से अधिक सीटों पर मतदान हो रहा है। इसे बीजेपी के लिए शुरुआती बढ़त बनाने का सबसे बड़ा मौका और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की सबसे बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
पीएम मोदी ने लोगों से मतदान की अपील की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। पीएम मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, ''पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का आज पहला चरण है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में पूरी ताकत के साथ भाग लें। मैं विशेष रूप से अपने युवा साथियों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं।''
पहला चरण बीजेपी के लिए सबसे अहम
पहला चरण राजनीतिक रूप से इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें उत्तर बंगाल की सभी 54 सीटें शामिल हैं। यही क्षेत्र 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा के उभार का आधार बना था और 2021 के विधानसभा चुनाव में उसे तृणमूल का प्रमुख प्रतिद्वंद्वी बनाने में मददगार रहा था। इन 152 सीटों में से 2021 में भाजपा ने 59 सीटें जीती थीं, जबकि तृणमूल ने 93 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के 2.5 लाख जवान तैनात
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें लगभग 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 'थर्ड जेंडर' मतदाता शामिल हैं। चुनाव के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रिकॉर्ड 2,450 टुकड़ियों यानी लगभग 2. 5 लाख जवान तैनात किए गए हैं। 8,000 से अधिक मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। निर्वाचन आयोग ने मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, कूचबिहार, बीरभूम और पूर्व बर्धमान जिलों को विशेष निगरानी में रखा है।
किन सीटों पर सबकी नज़र रहेगी?
- भवानीपुर- मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी से है।
- खड़गपुर सदर- BJP के दिलीप घोष का मुकाबला TMC के प्रदीप सरकार से होगा।
- मुर्शिदाबाद- जहां BJP के गौरी शंकर घोष और TMC की शओनी सिंहा रॉय एक बार फिर आमने-सामने हैं।
- बहरामपुर- कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी वापसी की कोशिश कर रहे हैं। यहां पर उनका मुकाबला टीएमसी और बीजेपी उम्मीदवार से होगा।
पिछली बार BJP ने कितनी सीटें जीती थीं
2021 के विधानसभा चुनावों में, BJP ने 77 सीटें जीती थीं और अब वह तृणमूल को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है। हालांकि TMC ने दावा किया है कि इस बार BJP का प्रदर्शन और भी खराब रहेगा और उसे 50 से ज़्यादा सीटें नहीं मिल पाएंगी।