1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बंगाल के चुनाव परिणाम पर क्या बोलीं महुआ मोइत्रा? स्टार प्रचारक सयानी घोष ने भी जारी किया बयान

बंगाल के चुनाव परिणाम पर क्या बोलीं महुआ मोइत्रा? स्टार प्रचारक सयानी घोष ने भी जारी किया बयान

 Published : May 05, 2026 11:20 am IST,  Updated : May 05, 2026 11:20 am IST

पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम सामने आने के बाद तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी किसी भी कीमत पर हार मानने के लिए तैयार नहीं हैं। हालांकि, दूसरी ओर उनकी पार्टी की दो महिला सांसदों सायोनी घोष और महुआ मोइत्रा ने पार्टी की हार स्वीकार कर ली है।

west bengal mahua moitra Saayoni Ghosh accepets tmc defeat- India TV Hindi
टीएमसी के नेताओं ने स्वीकार की हार। (फाइल फोटो) Image Source : PTI

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का परिणाम सामने आ गया है और राज्य में आजादी के बाद पहली बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। बीजेपी ने बंगाल में 206 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वहीं, टीएमसी 81 सीट पर सिमट गई है। वहीं, कांग्रेस और सीपीएम के खाते में 2-2 सीट आई है और हुमायूं कबीर की पार्टी 2 सीट जीतने में कामयाब रही है। विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद सीएम ममता बनर्जी का गुस्सा सातवें आसमान पर हैं और वह बीजेपी की जीत को चुनावी लूट बता रही हैं। तो वहीं, दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस के बड़े नेताओं ने पार्टी की हार स्वीकार कर ली है।

सोशल मीडिया पोस्ट में सायोनी घोष ने कहा- "मैं पूरी विनम्रता के साथ बीजेपी के पक्ष में बंगाल की जनता द्वारा दिए गए जनादेश को स्वीकार करती हूं। मैं बंगाल की 'मां, माटी और मानुष' का आभार व्यक्त करती हूं जो हर सुख-दुख में हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। जाधवपुर लोकसभा क्षेत्र के लोगों की सेवा करने के लिए एक निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर पूरी तरह समर्पित हूं। मैं निडर होकर और गर्व से सिर ऊंचा करके, अपनी नेता ममता बनर्जी के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। मैं लोकतंत्र की रक्षा करने और इस महान राष्ट्र की एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए उनके साथ मज़बूती से खड़ी हूं। अब यहां से आगे की लड़ाई और भी अधिक तीव्र और ज़ोरदार होने वाली है। टीएमसी बंगाल और पूरे देश की 'मां, माटी और मानुष' के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए अपनी यह न्यायपूर्ण लड़ाई लगातार जारी रखेगी।"

वहीं, टीएमसी की सांसद महुआ मोइत्रा ने ट्वीट कर के कहा- "जनता की इच्छा सर्वोपरि है। अगर बंगाल भाजपा को चाहता था तो उसे भाजपा ही मिली है। हम इसका सम्मान करते हैं। हमने बड़ी चुनौतियों का सामना करते हुए, असमान मैदान पर डटकर मुकाबला किया और इसके लिए मुझे अपने नेता और अपनी पार्टी पर गर्व है। हम एक धर्मनिरपेक्ष देश के लिए खड़े रहेंगे और संघर्ष करते रहेंगे, जहां संविधान सर्वोपरि हो, न कि निरंकुश बहुसंख्यकवाद। जय हिंद।"

ममता बनर्जी मंगलवार को शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है। ममता के साथ भतीजे अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले भवानीपुर में हार के बाद ममता ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। ममता ने कहा कि इलेक्शन कमीशन ने बीजेपी कमीशन बनकर काम किया है। ममता बनर्जी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि काउंटिंग सेंटर में उनके एजेंट्स को घुसने नहीं दिया, उनकी शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। ममता ने आरोप लगाया है कि उन्हें सेंटर पर लात मारी गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।