1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल: बर्धमान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात बनने से 7 यात्री घायल, हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया

पश्चिम बंगाल: बर्धमान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात बनने से 7 यात्री घायल, हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया

 Reported By: Anamika Gaur, Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 12, 2025 09:35 pm IST,  Updated : Oct 12, 2025 10:17 pm IST

पश्चिम बंगाल के बर्धमान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात बनने से करीब 7 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है।

West Bengal- India TV Hindi
बर्धमान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात Image Source : REPORTER INPUT

बर्धमान: पश्चिम बंगाल के बर्धमान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात बनने की वजह से कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 7 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है।

क्या है पूरा मामला? 

बर्धमान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 3-4 पर यात्रियों की भीड़ के कारण करीब 7 यात्री घायल हो गए, जिन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। जीआरपी और आरपीएफ ने यात्रियों को रेस्क्यू किया और रेल डॉक्टर से प्राथमिक इलाज कराने के बाद घायलों को बर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

रेल प्रशासन ने क्या कहा?

रेल प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि किसी भी तरीके की कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। यात्रियों को हल्की चोटें लगी हैं और उन्हें तुरंत रिकवर कर बर्धमान मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भेज दिया गया।

कैसे हुआ हादसा?

बर्धमान रेलवे स्टेशन पर पुल पर चढ़ने और उतरने का एकमात्र रास्ता है। पुल नंबर 4 के प्लेटफार्म पर जाम था। यात्रियों की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हुए।

मिली जानकारी के मुताबिक, हल्दीबाड़ी जाने वाली एक ट्रेन बर्धमान स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर खड़ी थी। उसी समय लाइन नंबर 4 पर एक मेल ट्रेन और लाइन नंबर 6 पर रामपुरहाट जाने वाली एक ट्रेन अंदर आई। एक ही समय में तीन-चार ट्रेनें आने से यात्रियों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

रेलवे ने अपने बयान में क्या कहा?

इस घटना पर रेलवे का बयान सामने आया है। रेलवे ने कहा, "आज शाम बर्धमान स्टेशन के फुटओवर ब्रिज से प्लेटफार्म संख्या 4 की ओर सामान्य गति से जा रही एक महिला फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों पर संतुलन खोकर गिर गई। फुटओवर ब्रिज पर महिला के गिरने के बाद, उसका भार फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों पर बैठे अन्य यात्रियों पर भी पड़ा और वे भी संतुलन खोकर नीचे गिर गए। प्लेटफार्म पर तैनात आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत उनकी देखभाल की। ​​रेलवे के डॉक्टर भी मौजूद थे। घायल हुए 3 लोगों को इलाज के लिए बर्धमान मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। यह स्पष्ट किया जाता है कि कोई भगदड़ नहीं हुई और भीड़ सामान्य थी। साथ ही, कोई हताहत नहीं हुआ है। घायल हुए 3 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।" (इनपुट: बिज्जू मंडल)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।