पश्चिम बर्दवान के अंडाल स्थित काजोरा गोलाई इलाके में रविवार देर रात ईसीएल के करीब आधा दर्जन बंद क्वार्टरों में चोरी की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान अधिकांश क्वार्टरों में कोई मौजूद नहीं था।
सुबह घर लौटने पर हुआ खुलासा
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई क्वार्टरों में रहने वाले परिवार किसी काम से बाहर गए हुए थे। सोमवार सुबह जब वे वापस लौटे, तो घरों के सामान अस्त-व्यस्त मिले और चोरी की जानकारी सामने आई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि काजोरा गोलाई इलाके में एक साथ इतने बंद क्वार्टरों को निशाना बनाकर चोरी की घटना पहले नहीं हुई थी। एक ही रात में कई घरों में चोरी होने के बाद इलाके के लोगों में दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
CCTV में कैद हुए संदिग्ध, हाथों में दिखा हथियार
इधर, घटना से जुड़े CCTV फुटेज भी सामने आए हैं। फुटेज में कथित तौर पर दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहे हैं। दोनों के हाथों में तलवार जैसी दिखाई देने वाली वस्तु देखी जा रही है। हालांकि, CCTV में दिखाई दे रही वस्तु वास्तव में क्या है और संदिग्धों की पहचान क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों में दहशत, पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
पुलिस CCTV फुटेज को खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी हुए सामान का भी ब्योरा जुटाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या नहीं। एक साथ कई बंद ECL क्वार्टरों में चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
बता दें कि इससे पहले पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के कालना थाना क्षेत्र के नूतनग्राम में जमाई षष्ठी की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया था। चोर में दो बकरे की चोरी के साथ कई घरों से नकदी और अन्य कीमती सामान भी उड़ा ले गए।
(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)
ये भी पढ़ें-