1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. न्यूजीलैंड: दो मस्जिदों में फायरिंग के बाद भारतीय मूल के 9 लोग लापता

न्यूजीलैंड: दो मस्जिदों में फायरिंग के बाद भारतीय मूल के 9 लोग लापता

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 15, 2019 08:28 pm IST,  Updated : Mar 15, 2019 08:28 pm IST

न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों में हुई फायरिंग की घटना के बाद से भारतीय मूल के 9 लोक अभी-भी लापता हैं। 

New Zealand Shooting- India TV Hindi
New Zealand Shooting Image Source : PTI

वेलिंगटन: न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों में हुई फायरिंग की घटना के बाद से भारतीय मूल के 9 लोक अभी-भी लापता हैं। न्यूजीलैंड में भारत के उच्चायुक्त संजीव कोहली ने 9 भारतीयों के लापता होने की बात कही है। फायरिंग की इस घटना में कुल 49 लोगों की मौत हो गई। 

कोहनी ने ट्वीट किया है कि 'कई सारे सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक भारतीय मूल के 9 लोग लापता हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है। मस्जिद में फायरिंग की घटना मानवता के खिलाफ बड़ा अपराध है। हमारी संवेदना इस घटना में हताहत लोगों के परिजनों के साथ है।' 

न्यूजीलैंड में क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों में शुक्रवार को हुई गोलीबारी में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद अधिकारियों ने एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है और तीन अन्य को हिरासत में ले लिया गया। एक विस्फोटक का समय रहते पता लगा लिया गया। ऐसा लग रहा है कि इस नस्लीय हमले की योजना बहुत सावधानीपूर्वक तैयार की गई थी। 

प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने इसे ‘‘हिंसा की एक असाधारण और अभूतपूर्व घटना’’ बताते हुये स्वीकार किया कि इसमें प्रभावित लोग या तो प्रवासी हैं या फिर शरणार्थी हैं। मृतकों की संख्या बताते हुये उन्होंने कहा कि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि इसे अब केवल आतंकवादी हमला ही करार दिया जा सकता है। हम जितना जानते हैं, ऐसा लगता है कि यह पूर्व नियोजित था।’’ 

चश्मदीद लेन पेनेहा ने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को काले कपड़े पहने मस्जिद में घुसते देखा और उसके बाद दर्जनों गोलियों के चलने की आवाजें सुनाई दीं। इससे घबराये हुये लोग मस्जिद में इधर उधर भागने लगे। इसके बाद वह वहां से भागा और इस दौरान उसके हाथ से कुछ गिर गया जो शायद उसका स्वचालित हथियार था। तब वह मस्जिद की तरफ लोगों की मदद करने के लिए दौड़ पड़े। 

हमलावर ने संभवत: एक लाइवस्ट्रीम वीडियो भी बनाया जिसमें इस भयावह कांड की वीभत्सता को दर्ज किया गया है। बंदूकधारी मस्जिद में करीब दो मिनट रहा और वहां मौजूद नमाजियों पर बार बार गोलियां दागीं। यहां तक कि उसने पहले ही दम तोड़ चुके लोगों पर भी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। वहां से वह सड़क पर निकला और पैदल चल रहे लोगों पर गोलियां बरसाईं। फिर वह वापस मस्जिद में गया और करीब दो दर्जन से अधिक लोग जमीन पर पड़े थे। वहां से फिर वह वापस आया और एक महिला को गोली मार दी और अपनी कार में आकर बैठ गया। उसकी कार में इंग्लिश रॉक बैंड ‘‘ द क्रेजी वर्ल्ड ऑफ आर्थर ब्राउन’’ का ‘‘फायर’’ गीत बज रहा था। 

भारतीयों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी की गई है। किसी भी तरह की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर-021803899 या 021850033

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश