1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. चीनी पर सब्सिडी को लेकर भारत के खिलाफ WTO पहुंचा ऑस्ट्रेलिया

चीनी पर सब्सिडी को लेकर भारत के खिलाफ WTO पहुंचा ऑस्ट्रेलिया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 16, 2018 04:19 pm IST,  Updated : Nov 16, 2018 04:21 pm IST

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ चीनी पर सब्सिडी को लेकर विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में शिकायत दर्ज कराई है। उसका मानना है कि भारत सरकार की सब्सिडी नीति से दुनियाभर में चीनी की कीमतों में भारी गिरावट आयी है जिसका नुकसान ऑस्ट्रेलियाई उत्पादकों को हुआ है।

Australia- India TV Hindi
Australia

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ चीनी पर सब्सिडी को लेकर विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में शिकायत दर्ज कराई है। उसका मानना है कि भारत सरकार की सब्सिडी नीति से दुनियाभर में चीनी की कीमतों में ‘भारी गिरावट’ आयी है जिसका नुकसान ऑस्ट्रेलियाई उत्पादकों को हुआ है। ऑस्ट्रेलिया का आरोप है कि इसी सब्सिडी के चलते इस साल भारत में चीनी का उत्पादन बढ़ कर 3.5 करोड़ टन तक पहुंच गया है जबकि इसका औसत उत्पादन 2 करोड़ टन सालाना है। 

Related Stories

आस्ट्रेलिया का आरोप है कि भारत कृषि सब्सिडी के मामले में डब्ल्यूटीओ की सीमाओं का उल्लंघन कर रहा है। एबीसी न्यूज की शुक्रवार की एक खबर के मुताबिक भारत के साथ सीधे इस मुद्दे को कई बार उठाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने यह कार्रवाई की है। इसका मतलब यह है कि शुरुआत में यह मुद्दा डब्ल्यूटीओ की कृषि समिति की इस महीने होने वाली बैठक में उठाया जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया के व्यापार मंत्री सिमॉन बीरमिंघम ने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक है। चीनी पर अपनी नीतियों के माध्यम से वैश्विक बाजार को बिगाड़ने की जिम्मेदारी उसी की है। बीरमिंघम ने कहा कि हमने हमारे उद्योग की चिंताओं को भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर कई बार उठाया है। लेकिन उनका समाधान नहीं होने से हमें निराशा हुई। अब हमारे सामने खुद के गन्ना किसानों 

और चीनी मिलों के हितों की रक्षा के लिए खड़ा होने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि अब वह इस मसले पर भारत और डब्ल्यूटीओ के अन्य सदस्य देशों के साथ आधिकारिक बातचीत करेंगे। वह इस मुद्दे को इस महीने होने वाली डब्ल्यूटीओ की कृषि समिति की बैठक में उठाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश