1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. Israel Iran War: ईरानी सेना के बाद अब सुप्रीम लीडर अली खामेनेई ने दी इजरायल को धमकी, कहा-"देंगे करारा जवाब"

Israel Iran War: ईरानी सेना के बाद अब सुप्रीम लीडर अली खामेनेई ने दी इजरायल को धमकी, कहा-"देंगे करारा जवाब"

 Published : Nov 02, 2024 04:00 pm IST,  Updated : Nov 02, 2024 04:00 pm IST

ईरानी सेना के बाद अब सुप्रीम लीडर अली खामेनेई ने भी इजरायल पर पड़े पलटवार की धमकी दी है। अली खामनेई का यह बयान इजरायल के जवाबी हमले के करीब 1 हफ्ते बाद आया है। उन्होंने कहा कि इजरायल को करारा जवाब देंगे।

अयातुल्ला अली खामनेई, ईरान के सुप्रीम लीडर। - India TV Hindi
अयातुल्ला अली खामनेई, ईरान के सुप्रीम लीडर। Image Source : AP

दुबई: ईरानी सेना के बाद अब देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने भी इजरायल पर बड़े पलटवार की धमकी दी है।  ने शनिवार को ईरान और इसके सहयोगियों पर हमलों को लेकर इजराइल तथा अमेरिका को ‘‘करारा जवाब’’ दिए जाने की धमकी दी। अयातुल्ला अली खामेनेई ने की यह धमकी 26 अक्टूबर को इस्लामिक गणराज्य पर हुए इजरायल के जवाबी हमले के बाद आया है। इससे साफ जाहिर है कि ईरानी अधिकारी इजरायल के खिलाफ एक और हमला करने की बात कर रहे हैं। इससे पहले ईरान ने 1 अक्टूबर को हमास और हिजबुल्लाह के समर्थन में तेल अवीव पर हमला किया था।

इसके जवाब में इजरायल ने ईरान के सैन्य ठिकानों और अन्य स्थानों को 26 अक्टूबर को निशाना बनाया था, जिसमें कम से कम 5 लोग मारे गए थे। दोनों ओर से कोई अन्य हमला इस मंगलवार को होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले पश्चिम एशिया को व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष में उलझा सकता है, जो पहले से ही गाजा पट्टी में इजरायल-हमास युद्ध और लेबनान में हिज्बुल्लाह के खिलाफ इजरायल के जमीनी अभियान से झुलस रहा है। खामेनेई ने ईरान के सरकारी मीडिया द्वारा जारी वीडियो में कहा, ‘‘दुश्मन, चाहे यहूदी शासन हो या अमेरिका, वे जो कर रहे हैं उसका करारा जवाब निश्चित रूप से मिलेगा।’’ उन्होंने जवाबी कार्रवाई के समय या दायरे के बारे में विस्तार से नहीं बताया।

पश्चिमी एशिया में सक्रिय है अमेरिका 

अमेरिकी सेना पूरे पश्चिम एशिया में सक्रिय है। इसके कुछ सैनिक अब इजराइल में ‘टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस’ (थाड) वायु रक्षा प्रणाली का प्रबंधन कर रहे हैं। खामेनेई (85) ने पहले की टिप्पणियों में अधिक सतर्क रुख अपनाया था और कहा था कि अधिकारी ईरान की कार्रवाई का मूल्यांकन करेंगे तथा इजराइल के हमले को ‘‘बढ़ा-चढ़ाकर पेश नहीं किया जाना चाहिए और न ही कम करके आंका जाना चाहिए।’’

हालांकि, हमले के प्रभाव को छिपाने की ईरान की कोशिश विफल हो गई और एसोसिएटेड प्रेस के विश्लेषण वाली उपग्रह तस्वीरों से पता चला कि हमलों में देश के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से जुड़े एवं तेहरान के पास स्थित सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा तथा रिवॉल्यूशनरी गार्ड के उपग्रह प्रक्षेपण संबंधी प्रतिष्ठान को भी नुकसान हुआ है। इजराइल के हमलों में ईरान के हमास और हिज्बुल्ला जैसे सहयोगियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है तथा उनके कई शीर्ष कमांडर मारे गए हैं। (भाषा) 

यह भी पढ़ें

दक्षिण एशियाई मूल के अमेरिकियों ने देश को बनाया समृद्ध, दीवाली के मौके पर बोले ब्लिंकन


गाजा में मौतों के तांडव से दुखी हुआ सिंगापुर, मानवीय आधार पर की युद्धविराम समझौते की अपील

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश