Plane Caught Fire: डेल्टा एयर लाइंस की एक फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ब्राजील के साओ पाउलो एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान का एक इंजन आग की लपटों में घिर गया। अटलांटा जा रहे इस विमान, एक Airbus A330-300 में 272 यात्री और 14 क्रू सदस्य सवार थे। विमान उड़ान भर चुका था लेकिन आग लगने के बाद उसे कुछ ही मिनटों के भीतर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
देखें वीडियो
यह घटना रविवार 29 मार्च 2026 को हुई थी। इस घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्वारुलहोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद विमान के एक विंग में आग लग जाती है। रात के आसमान में ऊपर उठते समय विमान के बाईं ओर से चिंगारियां निकलती हुई दिख रही हैं। आग लगने के बाद विमान के इंजन का मलबा भी जमीन पर गिरते हुए नजर आ रहा है।
ATC ने पायलटों को किया सचेत
विमान के एक इंजन में आग लगने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से एक शख्स ने फ्लाइट के पायलटों को सचेत करते मैसेज दिया कि "Delta 104, आपके पंख पर आग लगी है।" एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मिले संदेश के जवाब में पायलटों ने कहा, "हां, हमें वापस आना होगा।"
सहम गए यात्री, देखें VIDEO
हादसे के दौरान एक अन्य वीडियो में देखा जा सकता है कि उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के इंजन से चिंगारियां निकलती हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान प्लेन के अंदर बैठे यात्री डर से चीख रहे हैं। इस बीच कुछ ही मिनटों में विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और एयरपोर्ट की बचाव और अग्निशमन टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया। Delta ने बयान में कहा कि आग विमान के एक इंजन में आई एक तकनीकी खराबी के कारण लगी थी।
कितने मिनट हवा में रहा विमान?
डेल्टा एयर लाइंस ने एक बयान में कहा, "हमारे ग्राहकों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयर लाइंस ने इस व्यवधान के लिए माफी भी मांगी है। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि एयरपोर्ट पर वापस उतरने से पहले विमान 9 मिनट से कुछ अधिक समय तक हवा में रहा। किसी के घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। अधिकारियों ने हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:
कहां हैं ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई? रूसी दूत ने बताई सच्चाई