1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. कांगो के बुसिरा नदी में पलटी नौका, क्रिसमस मनाने घर आ रहे 38 लोगों की मौत और 100 से ज्यादा लापता

कांगो के बुसिरा नदी में पलटी नौका, क्रिसमस मनाने घर आ रहे 38 लोगों की मौत और 100 से ज्यादा लापता

 Published : Dec 22, 2024 10:46 am IST,  Updated : Dec 22, 2024 10:46 am IST

कांगो में नाव पलटने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कांगो की बुसिरा नदी में एक और बड़ा नौका हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि क्रिसमस मनाने घर लौट रहे लोगों से भरी नौका अचानक पलट गई है। इसमें 38 लोगों की मौत हो गई। जबकि 100 से ज्यादा लापता हैं।

कांगो में पलटी नौका (प्रतीकात्मक फोटो)- India TV Hindi
कांगो में पलटी नौका (प्रतीकात्मक फोटो) Image Source : AP

किंशासा: कांगो के बुसिरा नदी में यात्रियों से भरी नौका अचानक लहरों में हिचकोले खाकर पलट गई। इससे अपने घर क्रिसमस मनाने के लिए लौट रहे 38 लोगों की मौत हो गई। जबकि 100 से ज्यादा लोग लापता हो गए हैं। राहत और बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। यह हादसा शुक्रवार देर रात बुसिरा नदी में हुआ। यात्रियों से खचाखच भरी नाव अचानक पलट गई।  स्थानीय अधिकारियों एवं प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी।

बता दें कि नौका पलटने की यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब करीब चार दिन पहले ही देश के उत्तर-पूर्व में एक अन्य नाव के डूबने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। कांगो में नौका पलटने की हालिया घटना में अब तक 20 लोगों को बचाए जाने की पुष्टि हुई है। दुर्घटनास्थल के पास स्थित इंगेंडे शहर के मेयर जोसफ जोसफ कांगोलिंगोली ने बताया कि नौका कांगो के उत्तर-पूर्व में जलक्षेत्र में थी और इसमें अधिकतर वे व्यापारी सवार थे जो क्रिसमस मनाने के लिए घर लौट रहे थे।

एक नौका पर सवार थे 400 से ज्यादा लोग

इंगेंडे के निवासी एनडोलो कैडी ने बताया कि नौका में ‘‘400 से अधिक लोग सवार थे और यह नौका बोएंडे के रास्ते में पड़ने वाले दो बंदरगाहों इंगेंडे और लूलो से होकर गुजरी थी, इसलिए ऐसा लगता है कि मृतक संख्या अधिक होगी।’’ कांगो के अधिकारी नौकाओं में क्षमता से अधिक लोगों को ले जाने के खिलाफ अक्सर चेतावनी जारी करते हैं और जल परिवहन संबंधी सुरक्षा उपायों का उल्लंघन करने वालों को दंडित करते हैं लेकिन दूरदराज के इलाकों से आने वाले अधिकतर यात्री सड़क मार्ग से यात्रा करने का खर्च वहन नहीं कर सकते। अक्टूबर में देश के पूर्वी भाग में क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जा रही एक नाव के डूब जाने से कम से कम 78 लोग मारे गए थे और जून में किंशासा के निकट हुई ऐसी ही दुर्घटना में 80 लोगों की जान चली गयी थी।  (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश