1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. नाइजीरिया में बोको हरम ने मचाया कत्लेआम, 100 से अधिक लोगों को उतारा मौत के घाट

नाइजीरिया में बोको हरम ने मचाया कत्लेआम, 100 से अधिक लोगों को उतारा मौत के घाट

 Published : Sep 04, 2024 07:42 pm IST,  Updated : Sep 04, 2024 07:42 pm IST

नाइजीरिया में बोको हरम के आतंकियों ने 100 से अधिक ग्रामीणों की हत्या कर दी है। बोको हरम के हमले में मारे गए 34 लोग एक ही गांव के थे। आतंकियों ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

Boko Haram Terrorists- India TV Hindi
Boko Haram Terrorists Image Source : FILE REUTERS

मैदुगुरी: नाइजीरिया में बोको हरम का आतंक है। पूर्वोत्तर नाइजीरिया में बोको हरम के आतंकियों ने कत्लेआम मचाया है। स्थानीय निवासियों ने बुधवार को दावा किया कि आतंकियों ने बाजार, नमाजियों और लोगों के घरों में गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 100 ग्रामीण मारे गए हैं। योबे पुलिस के प्रवक्ता डुंगस अब्दुल करीम ने बताया कि रविवार शाम को 50 से अधिक आतंकी मोटरसाइकिलों से योबे प्रांत के तारमुवा परिषद क्षेत्र में घुस गए और इमारतों में आग लगाने से पहले उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। 

एक ही गांव के 34 लोगों की हत्या

योबे के उप-गवर्नर इदी बार्डे गुबाना ने रविवार को हुए हमले में मरने वालों की संख्या 34 बताई है। समुदाय के नेता जना उमर ने कहा कि उप-गवर्नर ने हमले में मारे गए जिन 34 लोगों के बारे में बताया है, वो एक ही गांव के हैं। उन्होंने कहा कि अब तक हमले में 102 ग्रामीणों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर लोगों को या तो अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही दफना दिया गया था या उनके शव दफनाने के लिए अन्य स्थानों पर ले जाए गए थे। 

कई लोग हैं लापता

उमर ने कहा, ‘‘हम अब तक लोगों की तलाश कर रहे हैं क्योंकि कई लोग अब भी लापता हैं।’’ रविवार को हुआ हमला योबे में पिछले साल हुए सबसे घातक हमलों में से एक है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि आतंकियों ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि यह हमला ग्रामीणों द्वारा सुरक्षाकर्मियों को उनकी गतिविधियों के बारे में सूचना देने के प्रतिशोध में किया गया है। 

क्या है बोको हरम?

बोको हरम आतंकी समूह है, जिसकी स्थापना 2002 में हुई थी। इसका मकसद नाइजीरिया में शरिया कानून लागू करना और पश्चिमी शिक्षा का विरोध करना है। इस समूह ने पिछले 10 सालों में हजारों लोगों को मौत के घाट उतारा है वहीं, लाखों लोगों को अपना घर छोड़ विस्थापित होना पड़ा है। बोको हरम के हमले केवल ग्रामीण क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि स्कूलों और धार्मिक स्थलों पर भी होते रहे हैं। (एपी)

यह भी पढ़ें:

ब्रिटेन की इस बहुमंजिला इमारत को कहा गया 'मौत का जाल', वजह जान हैरान रह जाएंगे आप

पॉप म्यूजिक और इंटरनेट से डरा चीन! राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर नई किताब में दी गई बड़ी चेतावनी

पांच साल के बेटे को बचाने के लिए पहाड़ी शेर से भिड़ गया पिता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश