अमेरिका के कैलिफोर्निया से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान करने के साथ भावुक भी कर दिया है। यहां 97 साल के एक बुजुर्ग ने अपने जन्मदिन की पार्टी में जमकर डांस किया। उनके चेहरे पर मुस्कान थी और वह मशहूर डिस्को गाने 'स्टेइंग अलाइव' (Staying Alive) की धुन पर पूरे जोश के साथ थिरक रहे थे। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनका आखिरी डांस साबित होगा। जन्मदिन का जश्न में डांस करने के कुछ ही देर बाद ही उनकी अचानक मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ आखिरी डांस का वीडियो
यह पूरी कहानी लॉस एंजिलिस की रहने वाली 24 वर्षीय ईडन मालिनॉफ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। इडन ने वीटो के आखिरी डांस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो वायरल हो गया। लोग उनकी जिंदादिली की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि अपनों के बीच खुशी से जिंदगी को अलविदा कहना एक खूबसूरत विदाई है।
ईडन के पड़ोसी वीटो ने अपना 97वां बर्थडे हैलोवीन थीम पर मनाने के लिए खास पार्टी रखी थी। इतनी ज्यादा उम्र होने के बावजूद भी वीटो बेहद जिंदादिल और उत्साह से भरे रहते थे। ईडन ने कहा कि जिंदगी को खुलकर जीने के मामले में तो कोई उनका मुकाबला भी नहीं कर सकता था। वह भी उनके सामने खुद को कम महसूस करती थीं।
बर्थडे पर बनवाया स्पेशल केक, बताया लंबी उम्र का राज
केक और कुकी का बिजनेस चलाने वालीं ईडन ने बताया, "पिछले हफ्ते वीटो का 97वां जन्मदिन था। हमेशा की तरह, उन्होंने इसे एक शानदार हैलोवीन-थीम वाली बर्थडे पार्टी के साथ मनाने का फैसला किया।" उन्होंने आगे बताया, "इसलिए मैंने उनके लिए केक बनाया। जब मैंने उनसे इतनी लंबी उम्र जीने का राज पूछा, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कभी भी सस्ती शराब नहीं पीनी चाहिए।" इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वीटो के लिए रेड वाइन चॉकलेट केक तैयार किया था।
पार्टी में वीटो काले रंग की शर्ट और फॉर्मल पैंट पहने नजर आए। वायरल वीडियो में वह ताली बजाते, मुस्कुराते और '70 के दशक के मशहूर डिस्को गाने 'स्टेइंग अलाइव' पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। उनके उत्साह को देखकर ऐसा लग रहा था मानो उम्र का उन पर कोई असर ही नहीं हुआ हो।
हैप्पी बर्थडे गाने के बाद अचानक हुई मौत
हालांकि, पार्टी में मेहमानों के "हैप्पी बर्थडे" गाने के कुछ ही देर बाद वीटो की अचानक मौत हो गई। ईडन ने बताया कि वीटो ने शराब नहीं पी रखी थी और यह बस एक अचानक हुई घटना थी। ईडन ने इमोशनल होते हुए कहा कि रात का अंत वैसा नहीं हुआ, जैसा सभी ने सोचा था। लेकिन अगर वीटो को अपनी जिंदगी को अलविदा कहने का कोई तरीका चुनना होता, तो शायद वह यही होता। वह उन लोगों के बीच थे, जिन्हें वह प्यार करते थे। सभी उनकी लंबी और खुशहाल जिंदगी का जश्न मना रहे थे। ईडन ने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें वीटो के जीवन के इस खास पल का हिस्सा बनने का मौका मिला।
'ऐसी ही विदाई चाहता हूं', सोशल मीडिया पर बोले लोग
वीटो के आखिरी डांस का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने इसे जिंदगी को अलविदा कहने का एक भावुक लेकिन खूबसूरत तरीका बताया। एक यूजर ने लिखा कि 96-97 साल की उम्र में किसी व्यक्ति की मौत होना अपने आप में चौंकाने वाली बात नहीं है, लेकिन अपने आखिरी पल दोस्तों के बीच बिताना और वह भी बिना लंबे कष्ट के, किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।
वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, ''मैं भी चाहता हूं कि इस दुनिया से मेरी विदाई कुछ ऐसी ही हो, जहां मैं लोगों के बीच पार्टी कर रहा हूं और जिंदगी का आनंद ले रहा हूं।''
'97 वर्षीय व्यक्ति के लिए बेहद खास विदाई'
एक तीसरे यूजर ने कहा कि अपने चाहने वालों के बीच, अपनी जिंदगी का जश्न मनाते हुए दुनिया को अलविदा कहना किसी 97 वर्षीय व्यक्ति के लिए बेहद खास विदाई है। यह घटना भले ही दुखद हो, लेकिन वीटो का आखिरी डांस उनकी जिंदादिली और जिंदगी को खुलकर जीने के अंदाज की याद दिलाता रहेगा।
वहीं, इससे पहले महाराष्ट्र में स्कूल जाती बुजुर्ग महिलाओं का वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो ने कई लोगों के दिलों को छू लिया क्योंकि ये महिलाएं उस सपने को पूरा करने के लिए आगे आ रही हैं जो वे बचपन में कभी हासिल नहीं कर पाई थीं।
यह भी पढ़ें-
फ्लाइट में chatGPT को 'सर' कहते बुजुर्ग की फोटो वायरल, अंकल की सादगी देख यूजर्स भी हुए इंप्रेस
भारत-पाकिस्तान विभाजन के 78 साल बाद दो बुजुर्ग दोस्तों का रीयूनियन, Video देखकर इमोशनल हुए यूजर्स