अमेरिका में 2026 के मिडटर्म चुनावों के बाद राजनीतिक हलचल का असर Google सर्च ट्रेंड्स पर भी देखने को मिला। 4 नवंबर को अमेरिका में सबसे ज्यादा सर्च किए गए विषयों में अलास्का सीनेट चुनाव से लेकर टेक्सास में डेमोक्रेट्स की वापसी तक शामिल रहे। हालांकि, इन राजनीतिक सवालों के बीच 'Habibi Meaning' और 'Blue Wave 2026' जैसे कीवर्ड भी टॉप-10 सर्च में जगह बनाने में कामयाब रहे।
Google Trends के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 'Alaska Senate Race' अमेरिका में सबसे ज्यादा सर्च किया गया सवाल रहा। इसके बाद लोगों ने 'When Was the Last Time Texas Was Blue' के बारे में जानकारी खोजी। इन दोनों कीवर्ड पर 10 लाख से ज्यादा सर्च दर्ज किए गए।
अमेरिका में ये रहे टॉप-10 Google सर्च
4 नवंबर को अमेरिका में सबसे ज्यादा सर्च किए गए 10 कीवर्ड की सूची इस प्रकार है:-
- अलास्का सीनेट चुनाव (Alaska Senate Race)
- पिछली बार टेक्सास में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत कब हुई थी? (When Was the Last Time Texas Was Blue)
- ब्रैंडन गिल (Brandon Gill)
- 2026 में डेमोक्रेटिक लहर (Blue Wave 2026)
- मिसिसिपी चुनाव नतीजे (Mississippi Election Results)
- अमेरिका के 2026 के चुनावों के नतीजे (Resultados de las elecciones de 2026 en Estados Unidos)
- हबीबी का अर्थ क्या है? (Habibi Meaning)
- हिनोजोसा (Hinojosa)
- लॉरेन बोएबर्ट (Lauren Boebert)
- एईके बनाम रियल मैड्रिड (AEK vs Real Madrid)
रिपोर्ट के मुताबिक, 'Brandon Gill' और 'Blue Wave 2026' को भी 10 लाख से ज्यादा बार सर्च किया गया। इन सर्च ट्रेंड्स से अमेरिकी राजनीति में आए बदलाव और चुनावी नतीजों को लेकर लोगों की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
क्या है 'Blue Wave 2026' का मतलब?
अमेरिका के 2026 मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की मजबूत वापसी की खबरों के बीच 'Blue Wave 2026' चर्चा में आया। पार्टी को कांग्रेस के दोनों सदनों में बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया। डेमोक्रेट्स ने कई ऐसे राज्यों में भी अप्रत्याशित जीत दर्ज की, जिन्हें परंपरागत रूप से रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है।
दक्षिण कैरोलिना, टेक्सास और कंसास जैसे राज्यों में डेमोक्रेट्स की सफलता ने अमेरिकी राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चा तेज कर दी। हालांकि, मिसिसिपी और अलास्का की सीनेट सीटों पर मुकाबला दिलचस्प बना हुआ था। मिसिसिपी में डेमोक्रेट स्कॉट कोलम और रिपब्लिकन सिंडी हाइड-स्मिथ के बीच कड़ा मुकाबला बताया गया। वहीं, अलास्का की सीनेट सीट पर भी नतीजा स्पष्ट नहीं हुआ था।
क्यों ट्रेंड हुआ 'Habibi Meaning'?
चुनावी नतीजों के बीच 'Habibi Meaning' के ट्रेंड होने की वजह एक उम्मीदवार का जीत के बाद दिया गया भाषण रहा। मिशिगन में जन्मे और मिस्र मूल के अब्दुल अल-सयद ने जीत के बाद अपने भाषण में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को मजाकिया अंदाज में 'हबीबी' कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा, "जेडी, हबीबी, यह कितनी अजीब बात है- संवैधानिक रूप से जनवरी में आपको ही मुझे शपथ दिलानी होगी।" इस बयान के बाद सोशल मीडिया और Google पर 'Habibi Meaning' की खोज तेजी से बढ़ गई।
क्या होता है 'हबीबी' का अर्थ?
'हबीबी' अरबी भाषा का एक लोकप्रिय शब्द है। इसका इस्तेमाल किसी प्रिय व्यक्ति, दोस्त या करीबी को प्यार से संबोधित करने के लिए किया जाता है। हिंदी में इसका अर्थ 'मेरे प्रिय', 'मेरे प्यारे' या 'मेरे दोस्त' के करीब होता है।
ये भी पढ़ें-