1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. 100 साल से समुद्र में भटक रहा है ये भूतिया जहाज, नजर आते हैं डूबते हुए लोग, सुनाई देती है औरतों की चीख

100 साल से समुद्र में भटक रहा है ये भूतिया जहाज, नजर आते हैं डूबते हुए लोग, सुनाई देती है औरतों की चीख

 Published : Aug 27, 2025 02:38 pm IST,  Updated : Aug 27, 2025 02:38 pm IST

समुद्र अपनी गहराइयों में हर राज दफन कर सकता है लेकिन कुछ चीखें हमेशा लहरों के शोर के साथ गूंजती हैं। एसएस वेलेंसिया भी एक ऐसा ही नाम है। इस भूतिया जहाज की घटनाएं रूह कंपा देने वाली दास्तान सुनाती हैं।

Haunted Ship SS Valencia (Representational Image)- India TV Hindi
Haunted Ship SS Valencia (Representational Image) Image Source : FREEPIK

Haunted Ship SS Valencia Story: समुद्र हमेशा से ही रहस्यों से भरा रहा है यह जितना शानदार है उतना ही भयानक। इसकी गहराइयों में छिपे अनकहे राज, डूबे जहाज और भयानक कहानियां इंसानों डराती रही हैं। इन्हीं रहस्यों में से एक का नाम है एसएस वेलेंसिया। यह एक ऐसा जहाज है जिसकी कहानी सुनकर रूह कांप उठती है। कहते हैं कि यह जहाज अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा और अब उसकी आत्मा भटकती हुई समुद्र की लहरों में दिखाई देती है। इस जहाज से जुड़ी घटनाएं इतनी भयावह हैं कि इसे दुनिया के सबसे डरावने और भूतिया जहाजों में से एक माना जाता है।

एसएस वेलेंसिया का इतिहास

एसएस वेलेंसिया एक यात्री जहाज था जिसे 1882 में अमेरिका में बनाया गया था। इसे मूलरूप से यात्रियों और माल ढुलाई के लिए तैयार किया गया था। शुरुआत में यह जहाज दक्षिण अमेरिका के समुद्री मार्गों पर सेवाएं देता था लेकिन बाद में इसे अमेरिका और कनाडा के बीच चलाया जाने लगा। जहाज मजबूत था लेकिन इसकी गति बहुत अधिक नहीं थी। कहते हैं कि वेलेंसिया का निर्माण जल्दबाजी में किया गया था और इसके डिजाइन को लेकर कई सवाल भी उठे थे। सवालों के बावजूद यह जहाज समंदर की लहरों को तब तक चीरता जब तक 1906 में वो खौफनाक हादसा नहीं हुआ जिसने इसे हमेशा के लिए भूतिया जहाज बना दिया।

Haunted Ship SS Valencia (Representational Image)
Image Source : FREEPIKHaunted Ship SS Valencia (Representational Image)

एसएस वेलेंसिया के साथ हुआ था खौफनाक हादसा

14 जनवरी 1906 को वेलेंसिया सैन फ्रांसिस्को से रवाना हुआ। उस दिन का मौसम सामान्य था, लेकिन समुद्र में कुछ ही घंटे बाद भयंकर तूफान आ गया। लहरें इतनी ऊंची थीं कि जहाज अपनी दिशा खो बैठा। नेविगेशन की गलती और तेज तूफान ने मिलकर जहाज को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया तट की ओर धकेल दिया। जहाज चट्टानों से टकरा गया और धीरे-धीरे टूटने लगा। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। लोग लाइफ बोट में बैठकर बचने की कोशिश करने लगे लेकिन उफनती लहरों ने कोई रहम नहीं दिखाया। कहा जाता है कि जहाज पर लगभग 108 यात्री और चालक दल थे, जिनमें से केवल 37 लोग ही बच पाए। बाकी सब या तो लहरों में समा गए या चट्टानों से टकराकर मौत के आगोश में चले गए।

लोगों ने सुनी हैं औरतों की चीखें 

एसएस वेलेंसिया का यह हादसा इतना डरावना था कि इसे लोग 'उत्तर प्रशांत का टाइटैनिक' कहने लगे। लेकिन, जो बात वेलेंसिया को और भी भयावह बनाती है, वह है इसके बाद से दिखाई देने वाली आत्माएं और भूतिया घटनाएं। लोगों का कहना है कि हादसे के बाद कई मछुआरों और नाविकों ने समुद्र की लहरों में एक टूटा-फूटा जहाज भटकते हुए देखा। कभी उसमें से औरतों की चीखें सुनाई देतीं, कभी डूबते यात्रियों के हाथ पानी से बाहर निकलते दिखाई देते।

Haunted Ship SS Valencia (Representational Image)
Image Source : FREEPIKHaunted Ship SS Valencia (Representational Image)

जानें चौंकाने वाली बात

हादसे के महीनों बाद जब बचाव दल उस तट पर पहुंचा, तो उन्होंने चट्टानों पर एक लाइफबोट अटकी हुई देखी। चौंकाने वाली बात यह थी कि वह नाव लगभग नई जैसी थी, जबकि बाकी सारी नावें समुद्र में टूटकर बिखर गई थीं। किसी को समझ नहीं आया कि वह नाव इतनी सुरक्षित कैसे रह गई। स्थानीय लोग मानते हैं कि हर साल जनवरी महीने में, हादसे की बरसी पर, समुद्र की लहरों से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई देती हैं। कभी किसी बच्चे के रोने की आवाज आती है, कभी औरतों की चीखें, मानो यात्री आज भी मौत से बचने की गुहार लगा रहे हों।

आज भी डराती है वेलेंसिया की दास्तान

कई मछुआरों ने दावा किया है कि उन्होंने समुद्र में नावों पर बैठे भूतिया चेहरों को देखा है। जब वो पास गए, तो आकृतियां धुएं की तरह गायब हो गईं। कुछ ने तो यह भी कहा कि उन्होंने सफेद कपड़ों में एक औरत को हाथ हिलाते हुए देखा, लेकिन पास जाते ही वह समुद्र की लहरों में कहीं ओछल हो गई। वेलेंसिया से जुड़ी दास्तान आज भी लोगों को डराती हैं। स्थानीय लोग तो समंदर के इस इलाके में जाने से बचते हैं। आज भी जब कोई नाविक ब्रिटिश कोलंबिया के तट से गुजरता है, तो उसके दिल में डर बैठ जाता है कि कहीं वेलेंसिया की आत्माएं उसके सामने ना आ जाएं। 

यह भी पढ़ें:

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश