1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. मोजांबिक में दौड़ती है भारत निर्मित ट्रेन, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यात्रा का शेयर किया अनुभव

मोजांबिक में दौड़ती है भारत निर्मित ट्रेन, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यात्रा का शेयर किया अनुभव

 Published : Apr 14, 2023 03:53 pm IST,  Updated : Apr 14, 2023 03:54 pm IST

आत्म निर्भरता की दिशा में बुलंदियां छूता भारत अब दूसरे देशों की जरूरतें भी पूरी करने लगा है। इसका ताजा उदाहरण मोजांबिक देश है, जहां पर भारत में बनी रेल दौड़ती है। मोजांबिक की यात्रा पर गए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इस रेल में सफर किया और उसके बाद अपना अनुभव शेयर किया।

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर- India TV Hindi
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर Image Source : PTI

आत्म निर्भरता की दिशा में बुलंदियां छूता भारत अब दूसरे देशों की जरूरतें भी पूरी करने लगा है। इसका ताजा उदाहरण मोजांबिक देश है, जहां पर भारत में बनी रेल दौड़ती है। मोजांबिक की यात्रा पर गए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इस रेल में सफर किया और उसके बाद अपना अनुभव शेयर किया। एस जयशंकर मोजांबिक देश की यात्रा करने वाले भारत के पहले विदेश मंत्री बन गए हैं।  जयशंकर की यह यात्रा इस बात का प्रमाण भी है कि पीएम मोदी विदेशों के साथ संबंध बढ़ाने पर कितना अधिक जोर दे रहे हैं।

 विदेश मंत्री एस जयशंकर ने  बताया कि उन्होंनेअपने मोजाम्बिक दौरे के दौरान ‘मेड इन इंडिया’ (भारत में निर्मित) ट्रेन में सफर किया और देश में रेल नेटवर्क, इलेक्ट्रिक वाहनों व जलमार्ग संपर्क का दायरा बढ़ाने के मुद्दे पर वहां के परिवहन मंत्री के साथ व्यापक बातचीत की। वह तीन दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को मोजाम्बिक की राजधानी मैपुटो पहुंचे और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के लिए इस अफ्रीकी देश की संसद के अध्यक्ष से मुलाकात की। जयशंकर मोजाम्बिक की आधिकारिक यात्रा पर जाने वाले भारत के पहले विदेश मंत्री हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया, “मोजाम्बिक के परिवहन एवं संचार मंत्री और मोजाम्बिकन पोर्ट एंड रेल अथॉरिटी के चेयरमैन माटियस मगाला के साथ हरित परिवहन पर शानदार बातचीत। रेल नेटवर्क, इलेक्ट्रिक वाहनों व जलमार्ग संपर्क का दायरा बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा की। भारत इस संबंध में एक विश्वसनीय भागीदार है।”

ट्रेन में सफर के बाद किया मंदिर में पूजन

विदेश मंत्री ने मोजाम्बिक में भारत में निर्मित एक ट्रेन में सफर करने की जानकारी भी दी। उन्होंने ट्वीट किया, “मोजाम्बिक के परिवहन मंत्री माटियस मगाला के साथ एक ‘मेड इन इंडिया’ ट्रेन में मैपुटो से मछावा के बीच यात्रा की। इस यात्रा में शामिल होने के लिए राइट्स (रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस) के चेयरमैन राहुल मित्तल की सराहना करता हूं।” जयशंकर ने मैपुटो में भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद करने के साथ ही एक मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने ट्वीट किया, “मैपुटो में बृहस्पतिवार शाम श्री विश्वंभर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। यहां भारतीय समुदाय के लोगों के साथ संवाद करके बहुत खुशी महसूस हो रही है।” मोजाम्बिक से पहले जयशंकर युगांडा की यात्रा पर गए थे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी सहित देश के शीर्ष नेतृत्व से व्यापार, बुनियादी ढांचा, ऊर्जा एवं रक्षा क्षेत्र में संभावित सहयोग पर चर्चा की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश