Indian Youth Murder In Australia: ऑस्ट्रेलिया में हाल के वर्षों में भारतीयों के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं। अब एक ऐसा ही मामला मेलबर्न से सामने आया है। यहां एक गुजराती युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। युवक के साथ हुई घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार में मातम पसर गया है। मृतक की पहचान मिहिर देसाई के रूप में हुई है।
रूममेट ने मार डाला
मिहिर देसाई मेलबर्न के बरवुड इलाके में रहते थे और मूलरूप से गुजरात के बिलिमोरा, नवसारी का रहने वाले थे। मिहिर का कत्ल उनके ही रूममेट ने किया है। फिलहाल, हत्या के पीछे की वजहों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है।
मौके पर हुई मौत
वारदात की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण मिहिर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पास के एक घर से भारतीय मूल के 42 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे को पहले से जानते थे और रूममेट के तौर पर साथ रहते थे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जमा किए हैं और पड़ोसियों से भी पूछताछ की है। दोनों के बीच किस बात को लेकर टकराव था इस बारे में अभी तक कुछ भी पता नहीं चल सका है।
पुलिस कर रही है जांच
मिहिर देसाई के साथ हुई इस घटना के बाद मेलबर्न के स्थानीय गुजराती समुदाय में शोक की लहर है। बिलिमोरा में रहने वाले मिहिर के परिवार को भी इस चौंकाने वाली खबर से सदमा लगा है। मेलबर्न पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहले भी हुई है भारतीय की हत्या
बता दें कि, इससे पहले बीते साल भी ऑस्ट्रेलिया में कुछ भारतीय छात्रों के बीच झगड़े के दौरान 22 वर्षीय एमटेक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक छात्र की पहचान नवजीत संधु के रूप में हुई थी। नवजीत हरियाणा के करनाल के रहने वाले थे।
(बुरहान मलिक की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें:
यूक्रेन के खिलाफ रूस की तरफ से लड़ रहे चीनी सैनिक? जेलेंस्की ने वीडियो शेयर कर मचा दी सनसनी
Taiwan Earthquake: ताइवान में भूकंप से कांप गई धरती, महसूस किए गए जोरदार झटके