Iran US War live Updates: ईरान और अमेरिका में दोबारा तनाव बढ़ने के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार भ्रष्टाचार मामले में नेतन्याहू की गवाही को येरूशलम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। अलजजीरा की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर की डेडलाइन से पहले हालात काफी बिगड़ चुके हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहां अमेरिका ने ईरान के कार्गो शिप पर हमला किया वहीं ईरान ने भी अमेरिकी जहाजों पर ड्रोन हमले का दावा किया है। कार्गोशिप पर हमले के बाद ईरान ने कहा कि होर्मुज की सुरक्षा मुफ्त नहीं और अगर ईरान के तेल निर्यात पर रोक लगी तो इसका असर पूरी दुनिया को भुगतना पड़ेगा।
उधर, ईरान ने दावा किया है कि उसने ड्रोन के जरिए अमेरिकी नौसेना के जंगी जहाजों को निशाना बनाया। यह कार्रवाई अमेरिका द्वारा ईरान के कार्गो शिप पर हमले के बाद की गई। वहीं होर्मुज से जहाजों की आवाजाही एक बार फिर बंद होने पर वैश्विक तेल बाजार में उथल-पुथल मच गई है।
ईरान की ओर से ऐसे संकेत दिए गए हैं कि अगर अमेरिका आर्थिक और सैन्य दबाव नहीं हटाता है तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। ईरान ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज तभी खुलेगा जब अमेरिका अपनी नाकाबंदी खत्म करेगा और वहां से अपनी सेना को हटाएगा। इस बीच ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बातचीत के लिए सभी कूटनीतिक कोशिशें जारी हैं।