1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. बेंजामिन नेतन्याहू के हाथों में दोबारा आई इजरायल की सत्ता, बनेंगे प्रधानमंत्री, गठबंधन सरकार बनाने में मिली सफलता

बेंजामिन नेतन्याहू के हाथों में दोबारा आई इजरायल की सत्ता, बनेंगे प्रधानमंत्री, गठबंधन सरकार बनाने में मिली सफलता

 Edited By: Shilpa @Shilpaa30thakur
 Published : Dec 22, 2022 11:02 am IST,  Updated : Dec 22, 2022 11:02 am IST

Israel Benjamin Netanyahu: इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने नवंबर में आधिकारिक रूप से नेतन्याहू को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था।

इजरायल के निर्वाचित प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू- India TV Hindi
इजरायल के निर्वाचित प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू Image Source : AP

इजरायल के निर्वाचित प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की कि वह अगली सरकार बनाने जा रहे हैं जो ‘‘इजरायल के सभी नागरिकों के कल्याण के लिए काम करेगी।’’ 73 साल के नेतन्याहू ने आधी रात की समय सीमा से कुछ मिनट पहले यह घोषणा की है। नेतन्याहू ने बुधवार देर रात राष्ट्रपति इसाक हर्जोग को सूचित किया कि वह देश में नई सरकार का गठन करेंगे। शपथ ग्रहण दो जनवरी तक होगा।

नवंबर में राष्ट्रपति हर्जोग ने आधिकारिक रूप से नेतन्याहू को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था, जिन्हें ‘नेसेट’ (इजरायल की संसद) के 64 सदस्यों का समर्थन हासिल है। नेतन्याहू ने इजरायल में प्रधानमंत्री पद पर सबसे अधिक समय तक सेवाएं दी हैं। उन्होंने हर्जोग को फोन कर सूचित किया कि वह ‘‘पिछले चुनाव में लोगों से मिले भारी जनसमर्थन की बदौलत’’ अगली सरकार बनाने के लिए तैयार हैं जो ‘‘इज़राइल के सभी नागरिकों के कल्याण के लिए काम करेगी।’’

नई सरकार के पास 64 सदस्यों का समर्थन

राष्ट्रपति ने उन्हें शुरू में सरकार गठन के लिए 28 दिन का समय दिया था, जिसे बाद में 10 दिन और बढ़ा दिया गया था। नेतन्याहू ने 10 दिन की इस अवधि के खत्म होने से कुछ देर पहले सरकार बनाने की घोषणा की। नयी सरकार के पास 120 सदस्यीय ‘नेसेट’ (संसद) में 64 सदस्यों का समर्थन हासिल होगा, जो सभी दक्षिणपंथी धड़े से आते हैं। नेतन्याहू ने सबसे पहले ट्वीट कर अपनी सफलता की घोषणा की और बाद में इज़राइल के राष्ट्रपति से फोन पर हुई बात की जानकारी भी साझा की।

अब उम्मीद है कि ‘नेसेट’ के स्पीकर यारिव लेविन सांसदों को नयी सरकार के गठन के बारे में सूचित करेंगे, जिसकी घोषणा के सात दिन के भीतर शपथ ग्रहण होना चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश