1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. मेक्सिको में ‘डिपार्टमेंटल स्टोर’ में लगी महाभीषण आग, घातक विस्फोट से 23 लोगों की मौत

मेक्सिको में ‘डिपार्टमेंटल स्टोर’ में लगी महाभीषण आग, घातक विस्फोट से 23 लोगों की मौत

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Nov 02, 2025 12:24 pm IST,  Updated : Nov 02, 2025 12:24 pm IST

मेक्सिको के एक डिपार्टमेंटल स्टोर में आग लगने से कई बच्चों समेत 23 लोगों की मौत हो गई है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम के साथ राहत और बचाव दल मौजूद हैं।

मेक्सिक में लगी भीषण आग (फाइल)- India TV Hindi
मेक्सिक में लगी भीषण आग (फाइल) Image Source : AP

 मेक्सिको सिटी: उत्तर-पश्चिमी मेक्सिको में शनिवार को एक ‘डिपार्टमेंटल स्टोर’ में भीषण आग लग जाने के बाद भयानक विस्फोट होने की जानाकरी सामने आ रही है। इस दुर्घटना में कई बच्चों सहित कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सोनोरा के गवर्नर अल्फोंसो दुराजो ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में बताया कि आग सोनोरा राज्य की राजधानी हर्मोसिलो शहर में लगी। सोनोरा के अटॉर्नी जनरल गुस्तावो सालास चावेज ने बताया कि कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है और घायलों को हर्मोसिलो के छह अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सालास चावेज ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि लोगों की मौत ‘‘सांस के साथ जहरीली गैस शरीर में जाने’’ के कारण हुई।

आग बुझाने में जुटी टीम

मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी है। गवर्नर ने कहा, ‘‘हमें फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है, जिससे यह अनुमान लगाया जा सके कि आग जानबूझकर लगाई गई थी।’’ उन्होंने यह भी बताया कि अधिकारी मामले की हर पहलू से जांच करेंगे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में ‘वाल्डो’ के स्टोर में भीषण आग लगी हुई दिखाई दे रही है। एक वीडियो में एक जला हुआ आदमी स्टोर के प्रवेश द्वार से कुछ मीटर की दूरी पर गिरा नजर आ रहा है। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश