1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. मेक्सिको के सबसे शक्तिशाली आपराधिक संगठन CJNG कार्टेल का टॉप लीडर गिरफ्तार, 50 लाख डॉलर का था इनाम

मेक्सिको के सबसे शक्तिशाली आपराधिक संगठन CJNG कार्टेल का टॉप लीडर गिरफ्तार, 50 लाख डॉलर का था इनाम

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Apr 28, 2026 09:28 am IST,  Updated : Apr 28, 2026 09:58 am IST

मेक्सिको के सबसे शक्तिशाली आपराधिक संघठन जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) का दूसरा टॉप लीडर भी गिरफ्तार कर लिया गया है। हाल ही में मारे गए इस संघठन के टॉप लीडर रहे एल मेंचो का यह उत्तारधिकारी माना जा रहा था।

मेक्सिको आर्मी। - India TV Hindi
मेक्सिको आर्मी। Image Source : AP

मेक्सिको सिटी: मेक्सिको की सेना ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए देश के सबसे शक्तिशाली आपराधिक संगठन जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) के टॉप लीडर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। कार्टेल के टॉप लीडर ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा पर 50 लाख अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित था। मेक्सिको की सेना ने  उसे देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में दबोच लिया। यह घटना कार्टेल के सबसे बड़े नेता के मारे जाने के दो महीने बाद हुई है। 

एल मेंचो का था उत्तराधिकारी

ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा उर्फ "एल जार्डिनर" हाल ही में मारे गए कार्टेल के टॉप लीडर एल मेंचो का संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा था। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने वाले को 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया हुआ था। मेक्सिको के अधिकारियों के अनुसार, फ्लोरेस सिल्वा को नायरित राज्य के एल मिराडोर समुदाय के पास सड़क किनारे एक खाई में छिपे हुए हालत में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान किसी की मौत नहीं हुई और न ही कोई घायल हुआ। फ्लोरेस सिल्वा को नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वांतेस ("एल मेंचो") का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता था। एल मेंचो की फरवरी में एक सैन्य अभियान में हत्या कर दी गई थी।

एल मेंचो की मौत के बाद संघठन को कर रहा था मजबूत

एल मेंचो की मौत के बाद ऑडियास फ्लोरेस सिल्वा अपने कार्टेल के नेटवर्क को मजबूत करने में जुटा था। एल मेंचो की कुछ महीने पहले ही हत्या के बाद पूरे देश में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़काने में एल जार्डिनर का बड़ा रोल था। कार्टेल के गुंडों ने दुकानों पर हमले, वाहनों में आगजनी और सड़कें बंद करने की घटनाएं कीं, जिनमें 70 से ज्यादा लोग मारे गए, जिनमें 25 नेशनल गार्ड के जवान भी शामिल थे। इस हिंसा के बावजूद, मेक्सिको की सरकार ने एल मेंचो की मौत को अपनी बड़ी जीत बताया। राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबाउम अपने पूर्ववर्ती नेताओं की तुलना में कार्टेलों के खिलाफ ज्यादा सख्त कार्रवाई कर रही हैं, ताकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप की धमकी को कम किया जा सके। 

ट्रंप ने जलिस्को समेत 5 कार्टेल को घोषित किया था आतंकी संगठन

पिछले साल ट्रंप ने जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल समेत पांच अन्य मेक्सिकन कार्टेलों को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया था। फ्लोरेस सिल्वा की गिरफ्तारी उस आपराधिक संगठन को एक और बड़ा झटका है जो पश्चिमी गोलार्ध में तेजी से सबसे शक्तिशाली कार्टेलों में से एक बन गया है। मेक्सिको के सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार वह एल मेंचो का सुरक्षा प्रमुख था और नायरित, जलिस्को, मेक्सिको राज्य तथा जाकाटेकास में कार्टेल की ड्रग उत्पादन और तस्करी का नेतृत्व करता था। नायरित की स्थानीय खबरों में बताया गया है कि फ्लोरेस सिल्वा की गिरफ्तारी के बाद कई कारों और दुकानों में आग लगा दी गई।

अमेरिका के मेक्सिको में राजदूत रोनाल्ड जॉनसन ने इस गिरफ्तारी की सराहना की। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि फ्लोरेस सिल्वा की गिरफ्तारी फेंटानिल तस्करी से मुनाफा कमाने वालों के खिलाफ "महत्वपूर्ण कदम" है।"ऐसी कार्रवाइयाँ सुरक्षा को मजबूत करती हैं और उन आपराधिक नेटवर्क को तोड़ने में मदद करती हैं जो हमारे समुदायों को खतरे में डालते हैं। साथ मिलकर हम ऐसे परिणाम हासिल करते हैं जो हमारे दोनों देशों को सुरक्षित बनाते हैं।"

अमेरिका को थी फ्लोरेस सिल्वा की तलाश

फ्लोरेस सिल्वा को युवावस्था में अमेरिका ने भी गिरफ्तार किया था, जहां उसने ड्रग तस्करी के मामले में 5 साल की सजा काटी। रिहाई के बाद वह मेक्सिको लौट आया। वर्ष 2016 में उसे जलिस्को में पुलिस पर हमले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। मगर तीन साल बाद रिहा कर दिया गया। 2021 से अमेरिका फ्लोरेस सिल्वा के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, ताकि उस पर ड्रग साजिश और अवैध हथियार रखने के आरोपों में मुकदमा चलाया जा सके।

मेक्सिको के सुरक्षा विश्लेषक डेविड सॉसेडो के अनुसार, फ्लोरेस सिल्वा की गिरफ्तारी CJNG की लीडरशिप को "गंभीर झटका" है, क्योंकि संगठन अपने नेता की मौत के बाद अभी पुनर्गठन की प्रक्रिया में था। हालांकि, सॉसेडो ने कहा कि आपराधिक गिरोह "अपने नेताओं की गिरफ्तारी के बावजूद जल्दी से खुद को नया रूप दे लेते हैं" और बड़े झटके झेलने के बाद भी वे अपनी आपराधिक गतिविधियां जारी रख सकते हैं।

अमेरिका समेत 100 देशों में फैला है जलिस्को का नेटवर्क

अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एजेंसी (DEA) के अनुसार, CJNG मेक्सिको के 32 राज्यों में से 21 राज्यों में सक्रिय है, जो सिनालोआ कार्टेल (19 राज्यों में सक्रिय) से ज्यादा है। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि CJNG की मौजूदगी 25 राज्यों तक फैली हुई है, जिसमें जलिस्को इसका सबसे मजबूत गढ़ है। इस कार्टेल की गतिविधियां लगभग 100 देशों तक फैली हुई हैं, जिसमें अमेरिका भी शामिल है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश