1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे पीएम मोदी, मेलबर्न में 'मां तुझे सलाम' की गूंज से हुए गदगद

तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे पीएम मोदी, मेलबर्न में 'मां तुझे सलाम' की गूंज से हुए गदगद

 Reported By: Devendra Parashar Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 08, 2026 09:50 pm IST,  Updated : Jul 08, 2026 09:53 pm IST

तीन देशों की आधिकारिक यात्रा के दूसरे चरण में पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया पहुंचे। मेलबर्न में उनका शानदार स्वागत हुआ। 'मां तुझे सलाम' की शानदार संगीतमय प्रस्तुति से पीएम मोदी भी गदगद हो गए।

Melburn, pm modi- India TV Hindi
मेलबर्न में पीएम मोदी का शानदार स्वागत Image Source : PTI

मेलबर्न: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे। मोदी इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे साथ ही भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय प्रवासियों और अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वहीं इस दौरान द्वारा 'मां तुझे सलाम' गीत की शानदार संगीतमय प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खुद प्रधानमंत्री मोदी भी इस सांस्कृतिक प्रस्तुति को देखकर बेहद गदगद नजर आए।

अल्बनीज के साथ होने वाली वार्ता को लेकर उत्सुक

 ऑस्ट्रेलिया की धरती पर कदम रखने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  'एक्स' पर लिखा, ''ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंच गया हूं। यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊर्जा प्रदान करेगी।'' उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ होने वाली वार्ता को लेकर उत्सुक हैं। मोदी ने कहा, ''मुझे भारतीय प्रवासी समुदाय से मिलने का भी अवसर मिलेगा, जो हमारी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।'' 

मेलबर्न में गर्मजोशी से स्वागत 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मेलबर्न में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी, प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे और विभिन्न हितधारकों के साथ बैठकें कर आपसी हित के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेंगे।'' 

नई दिल्ली से रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने क्या कहा था?

नई दिल्ली से रवाना होने से पहले जारी बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि उनकी यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाएगी। उन्होंने कहा था, ''प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ अपनी बातचीत में मैं रक्षा और सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, शिक्षा और आवागमन तथा लोगों के बीच संबंधों वाले क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाऊंगा।'' 

इंडोनेशिया की यात्रा पूरी कर ऑस्ट्रेलिया पहुंचे मोदी

प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया की तीन दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं। उन्होंने इंडोनेशिया में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ वार्ता की, जिसके बाद दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री सुरक्षा तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 14 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। विशेष मित्रता के संकेत के रूप में राष्ट्रपति सुबियांतो स्वयं प्रधानमंत्री मोदी को हवाई अड्डे तक विदा करने पहुंचे। इससे पहले इंडोनेशिया ने अपने सबसे बड़े नागरिक सम्मान से प्रधानमंत्री मोदी को अलंकृत किया।

ये भी पढ़ें:

भारत इंडोनेशिया को देगा 'अस्त्र' और 'ब्रह्मोस' मिसाइलें, EVM डेवलप करने में भी करेगा मदद, राष्ट्रपति प्रबोवो ने की मोदी की तारीफ

'राष्ट्रपति प्राबोवो के साथ मेरी दोस्ती कॉपीराइट की सभी सीमाओं से परे', इंडोनेशिया की संसद में बोले पीएम मोदी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश