1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. आखिरकार मिल गया ऑस्ट्रेलिया में गुम हुआ रेडियोएक्टिव कैप्सूल, खोज में जुटे थे 1 हफ्ते से 100 लोग, मचा था हड़कंप

आखिरकार मिल गया ऑस्ट्रेलिया में गुम हुआ रेडियोएक्टिव कैप्सूल, खोज में जुटे थे 1 हफ्ते से 100 लोग, मचा था हड़कंप

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Feb 02, 2023 08:56 am IST,  Updated : Feb 02, 2023 08:56 am IST

अधिकारियों ने बताया कि मटर के आकार का यह कैप्सूल न्यूमैन के दक्षिण में ग्रेट नॉर्दर्न हाईवे पर मिला। यह कैप्सूल जानलेवा स्तर तक खतरनाक था और लोगों को इससे दूर रहने की चेतावनी दी गई थी।

गुम हुआ  रेडियोएक्टिव कैप्सूल मिला- India TV Hindi
गुम हुआ रेडियोएक्टिव कैप्सूल मिला Image Source : AP

पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में अधिकारियों ने बुधवार को छोटे, लेकिन जानलेवा रेडियोएक्टिव कैप्सूल को ढूढ़ लिया है, जो 1,400 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर ढुलाई के दौरान ट्रक से गिर गया था। इसे ढूढ़ने के लिए 100 लोगों को लगाया गया था। अधिकारियों को इस छोटे खतरनाक रेडियोएक्टिव कैप्सूल को तलाशने में एक सप्ताह का वक्त लग गया। अधिकारियों ने बताया कि मटर के आकार का यह कैप्सूल न्यूमैन के दक्षिण में ग्रेट नॉर्दर्न हाईवे पर मिला। यह कैप्सूल जानलेवा स्तर तक खतरनाक था और लोगों को इससे दूर रहने की चेतावनी दी गई थी।

अधिकारियों के मुताबिक, इसका पता 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से यात्रा कर रहे एक खोजी वाहन ने लगाया, जब विशेषज्ञ उपकरण ने सीजियम-137 कैप्सूल से निकलने वाले विकिरण से इसकी पहचान की। पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के आपातकालीन सेवा मंत्री स्टीफन डॉसन ने कहा, "यह एक असाधारण परिणाम है। भूसे के ढेर में सुई ढूंढी गई है।" 

विकिरण की खतरनाक मात्रा का उत्सर्जन 

सीजियम 137 सिरेमिक स्रोत होता है, जो आमतौर पर विकिरण गेज में उपयोग किया जाता है, जो एक घंटे में 10 एक्स-रे प्राप्त करने के बराबर विकिरण की खतरनाक मात्रा का उत्सर्जन करता है। इससे त्वचा जल सकती है और लंबे समय तक संपर्क में रहने से कैंसर हो सकता है। खोज दल ने पूरे राजमार्ग की छानबीन करने में एक सप्ताह लगा दिया। गत 10 जनवरी को एक रेगिस्तानी खदान स्थल और पर्थ के बीच ले जाते समय कैप्सूल गुम हो गया था।

25 जनवरी को कैप्सूल के गुम होने की जानकारी हुई

कैप्सूल ले जाने वाला ट्रक 16 जनवरी को पर्थ डिपो पहुंचा। आपातकालीन सेवाओं को 25 जनवरी को कैप्सूल के गुम होने की जानकारी दी गई। खनन कंपनी रियो टिंटो आयरन ओर के मुख्य कार्यकारी साइमन ट्रॉट ने इस घटना के लिए माफी मांगी। कैप्सूल के गायब होने की खबर सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलिया में हड़कंप मच गया था। खोजी उपकरणों के अभाव में सरकार ने कैप्सूल को ढूढ़ने के लिए कॉमनवेल्थ और अन्य देशों से मदद मांगी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश