टोरंटो में एक स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। फायरिंग की इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। हमले के बाद पुलिस ने पहले तो एक्टिव शूटर के बारे में चेतावनी दी। हालांकि पुलिस ने बाद में कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। टोरंटो पुलिस ने बताया कि सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंग्टन एवेन्यू के पास गोलीबारी के बाद 6 लोगों को गोली लगने के घाव मिले। वहां 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' फेस्टिवल चल रहा था।
संदिग्ध अभी भी फरार
जानकारी के मतुाबिक घटनास्थल पर पहुंचने के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से उस इलाके से दूर रहने को कहा, जहां पर गोलीबारी हुई थी। बाद में पुलिस ने बताया कि स्थिति सुरक्षित है। हालांकि पुलिस ने यह भी कहा कि संदिग्ध या संदिग्धों को अभी तक पकड़ा नहीं गया है। वहीं टोरंटो में लैटिनो-थीम वाले सांस्कृतिक उत्सव 'साल्सा' के पास वाले इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
क्या बोले चश्मदीद
फेस्टिवल में सामान बेचने वाली पैट्सी गुटिरेज ने बताया कि वह ग्राहकों को सामान दे रही थीं, तभी उन्होंने लोगों की एक बड़ी भीड़ को भागते हुए देखा। उन्होंने कहा, "हर कोई घबराने लगा और फिर हमने सामान देना बंद कर दिया। मुझे नहीं लगता कि इस तरह के कार्यक्रमों में ऐसी घटना होनी चाहिए।" एक अन्य महिला वैलेरी रोड्रिगेज ने बताया कि शनिवार रात वह एक रेस्टोरेंट के पास बैठी थीं, तभी उन्होंने लोगों को चिल्लाते और भागते हुए देखा। उन्होंने कहा, "बहुत सारे लोगों ने... हमसे जमीन पर लेट जाने को कहा। हम डर गए क्योंकि हमें ठीक से पता नहीं था कि क्या हो रहा है।"
ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "मैं 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' फेस्टिवल में हुई इस बेमतलब की हिंसा से बहुत दुखी हूं, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और अन्य घायल हो गए।" उन्होंने कहा, "मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।"
लैटिनो-थीम का फेस्टिवल है 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर'
AP के अनुसार, यह फेस्टिवल लैटिनो-थीम वाला एक जश्न है, जिसमें लाइव लैटिन संगीत, डांस परफॉर्मेंस, खाना और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल होती हैं। इस साल यह फेस्टिवल का 22वां संस्करण था। टोरंटो के बीचों-बीच दुकानों और रेस्तरां से घिरे व्यस्त इलाके में आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल में आमतौर पर हजारों लोग आते हैं, जिससे यह गोलीबारी और भी चौंकाने वाली हो जाती है। कनाडा का सबसे बड़ा शहर टोरंटो, उत्तरी अमेरिका के सबसे सुरक्षित बड़े शहरों में से एक है। यहां गोलीबारी में मौत की घटनाएं, खासकर सार्वजनिक जगहों पर कई लोगों के शिकार होने वाली घटनाएं, बहुत कम होती हैं।
यह भी पढ़ें-
होर्मुज बंद करते ही अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, पीट हेगसेथ ने कहा- 'उन्हें कीमत चुकानी होगी'