1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. सीरिया में फिर हुई खूनी जंग तेज, पूर्व राष्ट्रपति असद के समर्थकों के हमले में 13 पुलिस अधिकारियों की मौत

सीरिया में फिर हुई खूनी जंग तेज, पूर्व राष्ट्रपति असद के समर्थकों के हमले में 13 पुलिस अधिकारियों की मौत

 Published : Mar 07, 2025 12:22 pm IST,  Updated : Mar 07, 2025 12:22 pm IST

सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बसर-अल-असद के समर्थकों ने सीरियाई सेना पर घात लगाकर हमला कर दिया। इसमें 13 पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

सीरिया में 13 पुलिस अधिकारियों की हत्या। - India TV Hindi
सीरिया में 13 पुलिस अधिकारियों की हत्या। Image Source : AP

दमिश्क (सीरिया): सीरिया में फिर खूनी जंग तेज हो गई है। जबलेह शहर में बंदूकधारियों ने बृहस्पतिवार को सीरियाई पुलिस गश्त दल पर घात लगाकर बड़ा हमला किया, जिसमें कम से कम 13 सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। एक स्थानीय अधिकारी ने यह जानकारी दी। हमला ऐसे समय में हुआ है जब सीरिया के जबलेह क्षेत्र में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद के अल्पसंख्यक अलावी समुदाय के लोगों और इस्लामी संगठनों के बीच तनाव तेज है।

बता दें कि दिसंबर की शुरुआत में इस्लामवादी हयात तहरीर अल-शाम के नेतृत्व में विद्रोही समूहों ने असद शासन का तख्तापलट कर दिया था। ब्रिटेन के मानवाधिकार संगठन ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ ने बताया कि लताकिया शहर के पास जबलेह शहर में घात लगाकर किए गए हमले में कम से कम 16 लोग मारे गए। निगरानी समूह के प्रमुख रामी अब्दुर्रहमान ने कहा कि पुलिस बल पर अलावी समुदाय के लोगों ने घात लगा कर हमला किया। अब्दुर्रहमान ने कहा, ‘‘शासन के पतन के बाद से ये सबसे अधिक हिंसक झड़प हैं।’’ दमिश्क में एक स्थानीय अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि घात लगाकर किए गए हमले में ‘जनरल सिक्योरिटी डायरेक्टरेट’ के 13 सदस्य मारे गए।

अल-जजीरा का पत्रकार भी हमले में घायल

अरब में प्रसारित होने वाले टेलीविजन चैनल ‘अल-जजीरा’ ने कहा कि उसके कैमरामैन रियाद अल-हुसैन संघर्ष को कवर करते समय घायल हो गए। सरकारी मीडिया ने बताया कि अधिकारियों ने पास के शहर टार्टस में 12 घंटे का कर्फ्यू लगा दिया है। सरकारी समाचार एजेंसी ‘सना’ ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए क्षेत्र में बड़ी संख्या में अतिरिक्त बल भेजा जा रहा है। स्थानीय मीडिया ने सुरक्षा अधिकारी साजिद अल-दीक के हवाले से कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों पर हमला करने वाले बंदूकधारियों से अलावी समुदाय के लोगों का कोई लेना-देना नहीं है। अल-दीक ने कहा, ‘‘हम सांप्रदायिक भावनाओं को बढ़ावा देने से बचने का आह्वान करते हैं।’’ (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश