मॉस्को: रसिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का फोन आया। दोनों नेताओं ने ईरान और यूक्रेन के संघर्षों पर चर्चा की। रसिया टुडे के मुताबिक, क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने पत्रकारों को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने नवीनतम अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा करने के लिए फोन किया था। दोनों के बीच हुई बातचीत में ईरान संघर्ष और यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने के उद्देश्य से वाशिंगटन, मॉस्को और कीव के बीच त्रिपक्षीय वार्ता पर ध्यान केंद्रित किया गया।
रूसी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, उशाकोव ने कहा, "आज रात रूसी और अमेरिकी राष्ट्रपतियों के बीच फोन पर बातचीत हुई। बातचीत व्यावहारिक, खुली और रचनात्मक रही, जैसा कि आमतौर पर रूसी और अमेरिकी नेताओं के बीच संवाद में होता है।" उशाकोव के मुताबिक, पुतिन और ट्रंप ने लगभग एक घंटे तक बात की। ट्रंप ने लंबे समय से चल रहे संघर्ष के मद्देनजर रूस और यूक्रेन के बीच दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता को दोहराया। उशाकोव ने आगे बताया कि पुतिन ने ट्रंप को उनके प्रशासन द्वारा किए जा रहे निरंतर मध्यस्थता प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
रसिया टुडे के अनुसार, पुतिन ने ईरान में चल रहे संघर्ष पर भी अपने विचार साझा किए और ट्रंप को पिछले सप्ताह ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और खाड़ी देशों के नेताओं के साथ हुई अपनी बातचीत के बारे में बताया। उशाकोव ने कहा कि ट्रंप ने स्थिति पर अपनी राय व्यक्त की और आगे बताया कि इस मुद्दे पर उनकी बहुत ही "सारगर्भित" चर्चा हुई। दोनों राष्ट्रपतियों के बीच आखिरी बार दिसंबर में फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय व्हाइट हाउस ने इसे "सकारात्मक" बताया था। बता दें कि इससे पहले सोमवार को, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता के रूप में मुज्तबा खामेनेई की नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी थी।
यह भी पढ़ें-