1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. मुसीबत में मिली मदद से भावुक हुआ वेनेजुएला, ऑपरेशन Amistad के लिए जताया आभार, कहा-थैंक यू इंडिया

मुसीबत में मिली मदद से भावुक हुआ वेनेजुएला, ऑपरेशन Amistad के लिए जताया आभार, कहा-थैंक यू इंडिया

 Published : Jul 01, 2026 09:01 am IST,  Updated : Jul 01, 2026 09:02 am IST

संकट की घड़ी में भारत की मदद से वेनेजुएला के लोग भावुक हो उठे। उन्होंने भारतीय सेना की ओर से स्थापित किए गए फील्ड अस्पताल की सेवाओं की जमकर तारीफ की और भारत का आभार जताया।

venejauela, earthquake, Indian army- India TV Hindi
काराकास में भारतीय सेना के फील्ड अस्पताल में इलाज कराते लोग Image Source : X@INDIAVENEZUELA

काराकास: विनाशकारी भूकंप की त्रासदी से जूझ रहे वेनेजुएला ने इस मुश्किल घड़ी में भारत से मिली मदद पर आभार जताया है। भारत की ओर से चलाई जा रही राहत और सहायता गतिविधियों के बीच वहां के नागरिकों ने भारत के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता जताई है। बता दें कि वेनेजुएला में भारतीय सेना की ओर से सहायता अभियान जारी है।

सेना के फील्ड हॉस्पिटल में मिल रही सुविधाओं पर जताया आभार

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर कई पोस्ट में उन परिवारों के वीडियो शेयर किए जो भारत का धन्यवाद कर रहे थे।  इन वीडियो में वेनेजुएला के स्थानीय परिवार भारतीय सेना के फील्ड हॉस्पिटल में मिल रही बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भारत का शुक्रिया अदा करते नजर आ रहे हैं।

भारतीय मेडिकल स्पेशलिस्ट की सेवाओं की तारीफ

एक अन्य वीडियो में जायसवाल ने दिखाया कि कैसे फील्ड हॉस्पिटल में इलाज कराने के बाद एक महिला ने भारत को धन्यवाद दिया। महिला ने खासतौर से फील्ड हॉस्पिटल में मिल रही बेहतरीन देखभाल और भारतीय मेडिकल स्पेशलिस्ट की सेवाओं की जमकर तारीफ की।

'पिछले 60 वर्षों में ऐसी मेडिकल सर्विस नहीं देखी'

विदेश मंत्रालय की ओर से शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में वेनेजुएला की एक महिला ने कहा, आपने जो फील्ड अस्पताल यहां स्थापित किया है वह स्थानीय लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रहा है। मैं आपके देश की बहुत शुक्रगुजार हूं। वहीं वेनेजुएला के एक अन्य नागरिक ने भारतीय सेना के फील्ड अस्पताल के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पिछले 60 वर्षों में कभी भी इतनी शानदार और संवेदनशील मेडिकल सर्विस नहीं देखी थी।

भारत में वेनेजुएला दूतावास ने भी काराकस में लगाए गए भारतीय सेना के फील्ड हॉस्पिटल की तस्वीरें शेयर कीं। दूतावास ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया और लिखा, "भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी ने 24 जून के भूकंप से प्रभावित लोगों की मदद के लिए काराकस के ला रिंकोनाडा में एक फील्ड हॉस्पिटल स्थापित किया। यह पहल द्विपक्षीय सहयोग का हिस्सा है, जिसके तहत विशेष कर्मियों को तैनात किया गया है।"

वेनेजुएला में भारतीय सेना का 'ऑपरेशन अमिस्ताद'

भारत ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद 'ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत  मानवीय सहायता उपलब्ध कराई है। इसके तहत बचाव कर्मियों, फील्ड हॉस्पिटल, दवाओं और राहत सामग्री को तैनात किया गया, क्योंकि पिछले हफ़्ते आए विनाशकारी भूकंपों में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वेनेजुएला के विदेश मंत्रालय ने भी भारत की ओर से उपलब्ध कराई गई मानवीय सहायता का स्वागत किया।

मृतकों की संख्या 1700 के पार पहुंची

इस बीच CNN की रिपोर्ट के मुताबिक नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि शक्तिशाली भूकंपों से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,719 हो गई है। कम से कम 22,619 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें 5,034 घायल हैं। क्षतिग्रस्त हुई 855 इमारतों में से 189 पूरी तरह ढह गई हैं। न्यूज़ रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 24 जून को भूकंप आने के बाद से 609 आफ्टरशॉक दर्ज किए गए हैं। US जियोलॉजिकल सर्वे का अनुमान है कि इस बात की 44 प्रतिशत संभावना है कि मरने वालों की कुल संख्या 10,000 से ज़्यादा हो सकती है।

ये भी पढ़ें:

वेनेजुएला में फिर लगे भूकंप के झटके, मलबे में अपनों को तलाश रहे लोग, मृतकों की संख्या 1400 के पार

वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप से मचा कोहराम, देखें वीडियो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश