1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान में छिड़ी जंग, 18 बंदूकधारियों और 10 सुरक्षा कर्मियों समेत 28 की मौत

ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान में छिड़ी जंग, 18 बंदूकधारियों और 10 सुरक्षा कर्मियों समेत 28 की मौत

 Published : Apr 04, 2024 11:38 pm IST,  Updated : Apr 05, 2024 06:30 am IST

ईरान इन दिनों भीषण संघर्ष की चपेट में है। इजरायल और पाकिस्तान के साथ ईरान के दो आंतिरक प्रांत भी उसे अशांत बना चुके हैं। ताजा संघर्ष में ईरान में दो प्रांतों में संघर्ष के बीच 18 बंदूकधारी मारे गए। वहीं 10 सुरक्षाकर्मियों की भी मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो।- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो। Image Source : AP

दुबई (संयुक्त अरब अमीरात): दक्षिण पूर्वी ईरान में तीन अलग-अलग इलाकों में झड़प के बाद सुरक्षा बलों ने बंदूकधारियों द्वारा बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ा लिया और इन झड़पों में 18 बंदूकधारी मारे गए और 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है। सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सरकारी समाचार एजेंसी ‘ईरना’ की खबर के मुताबिक, राजधानी तेहरान से लगभग 1,400 किलोमीटर दूर सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में रात में लड़ाई शुरू हुई जब बंदूकधारियों ने रस्क और सरबाज शहर में रिवोल्यूशनरी गार्ड की चौकियों और चाहबहार शहर में एक तट रक्षक स्टेशन पर गोलीबारी की।

सरकारी टीवी ने बताया कि बंदूकधारियों ने दो स्थानों पर कई नागरिकों को बंधक बना लिया और कुछ हमलावरों ने आत्मघाती जैकेट पहन रखी थी। सुरक्षा बलों के तीन क्षेत्रों पर नियंत्रण हासिल करने से पहले गोलीबारी शुरू हो गई। सरकारी टीवी ने कहा कि मारे गए 10 सुरक्षा कर्मियों में रिवोल्यूशनरी गार्ड और उससे जुड़े छह सैनिक, दो पुलिसकर्मी और तट रक्षक के दो सदस्य शामिल हैं।

आतंकी समूह जैश अल-अदल पर शक

खबर में कहा गया है कि कम से कम 10 अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। सरकारी मीडिया ने आतंकवादी समूह जैश अल-अदल को दोषी बताया है, जो कथित तौर पर जातीय अल्पसंख्यक समुदाय बलूच के अधिकारों के लिए संघर्ष का दावा करता है। हालांकि किसी भी समूह ने अब तक जिम्मेदारी नहीं ली है। ईरान की सुरक्षा एजेंसियां हमले के जिम्मेदार संगठनों का पता लगाने में जुटी हैं। ईरान में लगातार अशांति बढ़ती जा रही है। (एपी)

यह भी पढ़ें

ये है दुनिया का सबसे छोटा इंसान, लंबाई है 2 फुट से भी कम

पश्चिमी एशिया में युद्ध और हमलों के चलते बढ़े तनाव पर दुखी है भारत, विदेश मंत्रालय ने जाहिर की चिंता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश