1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. बोत्सवाना में मिला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 2492 कैरेट का हीरा, कितनी होगी कीमत?

बोत्सवाना में मिला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 2492 कैरेट का हीरा, कितनी होगी कीमत?

 Published : Aug 23, 2024 12:55 pm IST,  Updated : Aug 23, 2024 12:55 pm IST

यह ‘उच्च गुणवत्ता वाला’ हीरा है जिसे एक्स-रे तकनीक की मदद से खोजा गया। वजन के लिहाज से यह गत 100 से अधिक वर्षों में पाया गया सबसे बड़ा हीरा है, तथा 1905 में दक्षिण अफ्रीका में खोजे गए कलिनन हीरे के बाद यह खदान से निकाला गया दूसरा सबसे बड़ा हीरा है।

diamond- India TV Hindi
बोत्सवाना की खदान से मिला 2,492 कैरेट का विशाल हीरा Image Source : AP

अफ्रीकी देश बोत्सवाना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हीरा मिला है। यह हीरा 2,492 कैरेट का है। कनाडाई खनन कंपनी के अधिकारी इस खोज के बाद काफी खुश है। बोत्सवाना की सरकार का मानना ​​है कि 2,492 कैरेट का यह विशाल रत्न देश में खोजा गया सबसे बड़ा प्राकृतिक हीरा और किसी खदान से निकाला गया दूसरा सबसे बड़ा रत्न है।

एक्स-रे तकनीक की मदद से खोजा गया हीरा

कनाडा की खनन कंपनी लुकारा डायमंड कॉर्प ने बुधवार को एक बयान में कहा कि उसने पश्चिमी बोत्सवाना में अपनी कारोवे खदान से ‘असाधारण’ हीरा बरामद किया है। लुकारा ने बताया कि यह ‘उच्च गुणवत्ता वाला’ हीरा है और इसे एक्स-रे तकनीक की मदद से खोजा गया। वजन के लिहाज से यह गत 100 से अधिक वर्षों में पाया गया सबसे बड़ा हीरा है, तथा 1905 में दक्षिण अफ्रीका में खोजे गए कलिनन हीरे के बाद यह खदान से निकाला गया दूसरा सबसे बड़ा हीरा है। कलिनन हीरा 3,106 कैरेट का था और इसे कई टुकड़ें कर तराशा गया जिनमें से कुछ ब्रिटिश शाही आभूषणों का हिस्सा हैं।

हीरे का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है बोत्सवाना

ब्राजील में 1800 के दशक के अंत में एक बड़ा काला हीरा खोजा गया था, लेकिन यह सतह पर पाया गया था और माना जाता था कि यह उल्कापिंड का हिस्सा था। बोत्सवाना हीरे का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है और हाल के वर्षों में दुनिया के सभी सबसे बड़े हीरों की खोज यहीं हुई है।

9 टुकड़ों में काटा गया दुनिया का सबसे बड़ा हीरा

यह 1905 में साउथ अफ्रीका में मिले 3106 कैरेट के कलिनन डायमंड के बाद अब तक का सबसे बड़ा हीरा है। इसका नाम खदान के मालिक थॉमस कुलिनन के नाम पर रखा गया था। 1907 में ब्रिटिश राजा एडवर्ड VII को भेंट किया गया था। इसके बाद एम्सटर्डम के जोसेफ ऐशर ने अलग-अलग आकार और साइज में 9 टुकड़ों में काटा था। कलिनन हीरे को ग्रेट स्टार ऑफ अफ्रीका भी कहा जाता है। इसका सबसे बड़ा टुकड़ा ब्रिटेन के राजा चार्ल्स के राजदंड में लगा है। वहीं इसका दूसरा सबसे बड़ा टुकड़ा राजपरिवार के इम्पीरियल स्टेट क्राउन में जड़ा है।

कितनी होगी इस हीरे की कीमत?

बता दें कि 2019 में भी करीब 1758 कैरेट का हीरा खोजा गया था जिसे फ्रांस की फैशन कंपनी लुई विटॉन ने खरीद लिया था। हालांकि, इसकी कीमत के बारे में आजतक कोई पुष्ट खबर नहीं है। 2017 में 1111 कैरेट का हीरा 444 करोड़ रुपये में बिका था इसलिए अगर उस हिसाब से भी देखा जाए तो यह हीरा उस हीरे के साइज से दोगुने से भी बड़ा है। इसलिए उम्मीद लगाई जा रही है कि ये हीरा 1000 करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है। हालांकि यह केवल अनुमान हैं और हीरे की असली कीमत इससे कहीं अधिक हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश