इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कबाईली इलाके खैबर एजेंसी में सेना द्वारा किए गए हवाई हमलों में कम से कम 10 संदिग्ध आतंकवादी मारे गए और कई घायल हो गए। रेडियो पाकिस्तान की रपट के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना के लड़ाकू विमानों द्वारा अफगानिस्तान की सीमा से लगे तिराह घाटी में आतंकवादियों को ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए हमले में पांच संदिग्ध आतंकवादी मारे गए।
सेना की ओर से हालांकि आतंकवादियों के मारे जाने के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन खुफिया अधिकारियों ने कहा है कि प्रतिबंधित लश्कर-ए-इस्लाम से संबद्ध पांच संदिग्ध आतंकवादी मारे गए हैं।
पाकिस्तानी सेना द्वारा तिराह घाटी में आतंकवादियों को निशाना बनाकर किए गए ये हमले खैबर-2 अभियान का हिस्सा हैं। तिराह घाटी को प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) और उससे संबंधित लश्कर-ए-इस्लाम समूह का गढ़ माना जाता है।
तिराह घाटी में पाकिस्तान के संघ शासित जनजातीय क्षेत्रों (एफएटीए) खैबर, कुर्रम और ओरकजई शामिल हैं।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, हेलीकॉप्टरों से आतंकवादियों के कुछ महत्वपूर्ण ठिकानों और बंकरों पर हमला किया गया।
लश्कर-ए-इस्लाम के प्रवक्ता सलाहुद्दीन अयूबी ने शनिवार को ठिकानों के तबाह होने की खबरों की पुष्टि की, लेकिन यह भी कहा कि समूह का कोई भी सदस्य मारा नहीं गया है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि आतंकवादियों ने दो सैनिकों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन इन दावों की पुष्टि नहीं की जा सकी है।
दक्षिण वजीरिस्तान कबायली एजेंसी में एक सैन्य वाहन के पास हुए विस्फोट में कम से कम दो सैनिकों की मौत हो गई।