जकार्ता: इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता की खाड़ी में एक यात्री नौका में आग लगने से 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए और 17 लोग लापता हैं। खबरों के मुताबिक, जकार्ता आपदा प्रबंधन एजेंसी कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि 20 घायलों में से 9 बुरी तरह झुलस गए हैं। उनका नजदीकी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
जाहरो एक्सप्रेस नौका में लगभग 200 लोग सवार थे। जकार्ता की मुरा आंग्के बंदरगाह से रवाना होने के बाद खाड़ी में तिदुंग द्वीप की ओर बढ़ रही नौका में आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि फाइबर से बनी नौका चारों ओर से आग की लपटों में घिर गई, लेकिन यह चलती रही।
अधिकारी के मुताबिक, अधिकांश यात्री पर्यटक थे, जो मनोरंजन के लिए तिदुंग द्वीप जा रहे थे। नौका को वापस जकार्ता ले जाया गया। फिलहाल यह मुआरा आंग्के बंदरगाह के पास है।