बगदाद: अमेरिकी अगुवाई वाले अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन ने मंगलवार को इराक के मोसुल शहर में इस्लामिक स्टेट (IS) के ठिकानों पर बमबारी की। इसमें आईएस के चार मुख्य कमांडर मारे गए। एक समाचार पत्रिका की रिपोर्ट के मुताबिक, मिलिट्री इंटेलीजेंस द्वारा जारी किए गए एक बयान के अनुसार, गठबंधन के हवाईहमले में पश्चिमी मोसुल के अल-तनक के पास कई ठिकानों पर हमले किए गए।
खराब मौसम के कारण अभियान के 16 घंटे तक निलंबित रहने के बाद मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन के युद्धक विमानों ने फिर से बमबारी शुरू की। शहर के पूर्वी भाग से आईएस को खदेड़ने के अभियान को पूरा करने के 2 सप्ताह बाद इराकी सुरक्षा बलों ने 19 फरवरी को पश्चिमी मोसुल में हमले की शुरुआत की थी।
बता दें कि पिछले दिनों आई खबरों के अनुसार एक अमेरिकी और अफगानी सेनाओं के एक संयुक्त सैन्य अभियान के दौरान आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (IS) का कमांडर मारा गया। यह जानकारी अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने दी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक कहा जा रहा था कि, अफगानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा और नाटो के नेतृत्व वाले सैनिकों के आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान कारी मोनेब नाम का आतंकी मारा गया। हालांकि, बयान में ज्यादा खुलासे नहीं किए गए थे।