तोक्यो: जापान में होने वाले चुनाव से पहले यहां हुए चुनावी सर्वेक्षणों के मुताबिक प्रधानमंत्री शिंजो आबे का सत्तारूढ़ गठबंधन चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की तरफ बढ़ रहा है। रायशुमारी के अनुसार, यहां तोक्यो की लोकप्रिय गवर्नर यूरिको कोईके द्वारा स्थापित की गई नई पार्टी का चुनाव में कोई ज्यादा प्रभाव नहीं दिख रहा है। गौरतलब है कि जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे यहां तय समय से पहले ही चुनाव करवा रहे हैं। उनके कार्यकाल में अभी एक साल का वक्त बाकी था।
कियोदो न्यूज और कारोबारी दैनिक निक्केई द्वारा कराए गए ओपिनियन पोल के मुताबिक, आबे की रूढ़िवादी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी एलडीपी और इसके गठबंधन सहयोगी कोमिटो के 465 सीटों में से 300 सीट जीतने की उम्मीद है। आपको बता दें कि जापान में आगामी 22 अक्टूबर को चुनाव होने वाले हैं। पाठकों के पसंदीदा अखबार योमियूरी शिम्बुन ने कहा है कि LDP बिना किसी गठबंधन सहयोगी के अकेले ही सुरक्षित जनमत हासिल कर लेगी।
दो-तिहाई बहुमत बहुमत हासिल करने से आबे को संसद में जापान के संविधान में संशोधन करने की क्षमता हासिल हो जाएगी। वहीं, यूरिको कोईके द्वारा स्थापित पार्टी ऑफ होप को महज 60 सीट मिलने की संभावना जताई गई है। आबे ने वक्त से पहले चुनाव करवाने की घोषणा ऐसे समय में की थी, जब उत्तर कोरिया मुद्दे पर अबतक की उनकी प्रतिक्रिया से उनकी लोकप्रियता में इजाफा होने की बात कही गई।
संपादक की पसंद