1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अफगानिस्तान : तालिबान ने हाइवे से 25 यात्रियों को अगवा किया, 5 की हत्या की

अफगानिस्तान : तालिबान ने हाइवे से 25 यात्रियों को अगवा किया, 5 की हत्या की

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 28, 2018 10:50 pm IST,  Updated : Feb 28, 2018 10:50 pm IST

अफगानिस्तान के कंधार और उरोजगन प्रांत को जोड़ने वाले एक राजमार्ग पर तालिबान ने पांच पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी और छह अन्य लोगों को घायल कर दिया।

Taliban- India TV Hindi
Taliban

काबुल: अफगानिस्तान के कंधार और उरोजगन प्रांत को जोड़ने वाले एक राजमार्ग पर तालिबान ने पांच पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी और छह अन्य लोगों को घायल कर दिया। इसके साथ ही बसों और कारों के 25 यात्रियों को अगवा कर लिया। एक अधिकारी ने बुधवार को समाचार एजेंसी एफे को यह जानकारी दी। उरोजगन के राज्यपाल के प्रवक्ता दोस्त मोहम्मद नायाब ने एफे को बताया कि तालिबान ने कम से कम 25 लोगों को अगवा कर लिया है।कंधार पुलिस के प्रवक्ता जिया दुर्रानी ने कहा कि घटना मंगलवार रात की है जब दोनों प्रांतों के बीच दर्जनों तालिबानियों ने कारों और बसों को बीच में रोक दिया। उन्होंने कहा कि अगवा हुए लोगों में कुछ ड्यूटी पर ना होने वाले पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। 

दुर्रानी ने कहा कि चेकपोस्ट के समीप तालिबान और सुरक्षा बलों के बीच हुई भिड़ंत के दौरान पांच पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। प्रवक्ता ने कहा कि तालिबानियों ने यात्रियों और सुरक्षा बलों को धोखा देने के लिए सेना की वर्दी पहनी हुई थी। यात्रियों को अगवा करने के बाद वे उन्हें कंधार और उरोजगन प्रांत के बीच किसी अज्ञात जगह पर ले गए। राजमार्ग उरोजगन के एक असुरक्षित इलाके से होकर गुजरता है जहां के ज्यादातर इलाके पर तालिबान का प्रभुत्व है।

अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने बुधवार को 16 साल से ज्यादा समय से चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए वार्ता शुरू करने के प्रस्ताव के हिस्से में तालिबान को एक वैध राजनीतिक समूह के रूप में मान्यता देने की पेशकश की थी। गनी की घोषणा तालिबान द्वारा अमेरिका के साथ प्रत्यक्ष संवाद का प्रस्ताव देने के दो दिन बाद आई है। यह आतंकियों द्वारा अपने आप में पहली सार्वजनिक पेशकश है। तालिबान बरसों से अमेरिका और अफगान सरकार के साथ वार्ता को ठुकराता रहा है। 2015 में नाटो के युद्ध मिशन के समाप्त होने के बाद अफगानिस्तान अब तक के सबसे ज्यादा खूनखराबे वाला समय देख रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश