ढाका: बांग्लादेश की शेख हसीना सरकार को गिराने की खातिर इस्राइल से मिलकर साजिश रचने में कथित संलिप्तता के लिये बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ नेता असलम चौधरी पर आज देशद्रोह का आरोप लगाया गया।
चौधरी पर आरोप है कि वह भारत में एक शीर्ष इस्राइली नेता के साथ हुई अपनी मुलाकात के बाद इस्राइल के साथ मिलकर शेख हसीना सरकार को गिराने की कथित साजिश में शामिल थे। पुलिस महानिरीक्षक एकेएम शहीदुल हक ने बताया कि इस्राइल के साथ मिलकर साजिश रचने के आरोप में गृह मंत्रालय ने पुलिस को बीएनपी के संयुक्त सचिव असलम चौधरी पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की इजाजत दे दी है ।
चटगांव के बड़े कारोबारी चौधरी को पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था और उनकी यात्रा पर पाबंदी लगा दी गई थी। यह कार्रवाई मीडिया में आई उन खबरों के बाद की गई कि उन्होंने मार्च में भारत में इस्राइली सरकार के एक सलाहकार से मुलाकात की थी। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा, इस्राइल की लिकुड पार्टी के नेताओं के सामने उन्हें मौजूदा सरकार को अलोकप्रिय सरकार के तौर पर दिखाने की कोशिश की। हमारी शुरूआती जांच में ये बातें सामने आई हैं। उन्होंने कहा, हमने असलम चौधरी के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज करने की इजाजत मांगी थी। मंत्रालय ने यह इजाजत दे दी है।
चौधरी ने सरकार गिराने की साजिश में शामिल होने के आरोप को नकारते हुए दावा किया कि वह भारत में निजी व्यापारिक यात्रा के दौरान इस्राइली सलाहकार से मिले थे। हालांकि, चौधरी के वकीलों ने दावा किया कि वह एक ऐसे कार्यक्रम में कुछ इस्राइली लोगों से मिले थे, जहां उन्हें आमंत्रित किया गया था।