1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. हसीना ने भारत-पाकिस्तान से संयम बरतने का आग्रह किया

हसीना ने भारत-पाकिस्तान से संयम बरतने का आग्रह किया

 Written By: IANS
 Published : Oct 07, 2016 08:10 am IST,  Updated : Oct 07, 2016 08:10 am IST

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने गुरुवार को भारत और पाकिस्तान से तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए संयम बरतने का आग्रह किया।

hasina- India TV Hindi
hasina

ढाका: बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने गुरुवार को भारत और पाकिस्तान से तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए संयम बरतने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "मैं भारत और पाकिस्तान दोनों से आग्रह करती हूं कि वे संयम बरतें ताकि तनाव और नहीं बढ़े। हम लोग चाहते हैं कि दक्षिण एशिया के लोगों को कष्ट नहीं झेलना पड़े।"

प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी देश की 10वीं संसद के 12वें सत्र में अपने 32 मिनट के समापन भाषण में कीं। हसीना ने कहा कि उनकी सरकार ने दक्षिण एशिया में हमेशा शांति चाही है। डेली स्टार ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है, "हम लोग इस क्षेत्र में कभी भी टकराव और तनाव पैदा होते देखना नहीं चाहते। यदि इस तरह का टकराव पैदा होता है तो उससे बांग्लादेश भी प्रभावित होगा।"

जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में गत 18 सितंबर को भारतीय सेना के शिविर पर हुए हमले के बाद से ही तनाव है। उस हमले में 19 सैनिक शहीद हो गए थे। भारत ने उस हमले के लिए पाकिस्तान से आए आतंकियों को जिम्मेदार ठहराया है। भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकियों के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक किए हैं।

भारत, बांग्लादेश, भूटान, अफगानिस्तान और श्रीलंका ने पिछले हफ्ते नवंबर में होने वाले दक्षेस सम्मेलन से खुद को अलग कर लिया जिसके परिणाम स्वरूप वह सम्मेलन रद्द करना पड़ा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश