1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जाधव की मां के वीजा आवेदन पर विचार किया जा रहा है: पाक विदेश विभाग

जाधव की मां के वीजा आवेदन पर विचार किया जा रहा है: पाक विदेश विभाग

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jul 13, 2017 06:33 pm IST,  Updated : Jul 13, 2017 06:33 pm IST

पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि वह भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव की मां के वीजा आवेदन पर विचार कर रहा है। कुलभूषण जाधव को कथित जासूसी के आरोप में पाकिस्तान की सैन्य अदालत द्वारा मौत की सजा सुनाई गई है।

Kulbhushan Jadhav | AP Photo- India TV Hindi
Kulbhushan Jadhav | AP Photo

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि वह भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव की मां के वीजा आवेदन पर विचार कर रहा है। कुलभूषण जाधव को कथित जासूसी के आरोप में पाकिस्तान की सैन्य अदालत द्वारा मौत की सजा सुनाई गई है। भारत ने पाकिस्तान से आग्रह किया था कि जाधव की मां अवंतिका जाधव को उनके बेटे से मुलाकात करने दिया जाए। 

खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने हालांकि भारत में इलाज के लिए वीजा चाहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को वीजा प्रदान करने पर सख्त पाबंदी लगाए जाने पर अफसोस भी जाहिर किया। भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सोमवार को शिकायती लहजे में कहा था कि पाकिस्तान जाधव की मां को वीजा नहीं दे रहा। सुषमा ने कहा था कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज को जाधव की मां अवंतिका जाधव को वीजा दिए जाने के बारे में लिखा है। जाधव की मां पाकिस्तान के किसी अज्ञात जेल में बंद अपने बेटे से मिलना चाहती हैं।

जकारिया ने कहा कि वीजा देने के लिए अजीज से सिफारिश के लिए कहना राजनयिक नियमों के विरूद्ध है। पाकिस्तान का दावा है कि उसने जाधव को मार्च, 2016 में बलूचिस्तान प्रांत से गिरफ्तार किया। साथ ही पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि जाधव पाकिस्तान में जासूसी और आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त था। पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने इसी वर्ष अप्रैल में जाधव को मौत की सजा सुनाई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश