1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन के गुआंगझोउ शहर में पाकिस्तानियों को नहीं मिलेंगे हॉस्टल

चीन के गुआंगझोउ शहर में पाकिस्तानियों को नहीं मिलेंगे हॉस्टल

 Written By: India TV News Desk
 Published : Aug 26, 2016 10:04 pm IST,  Updated : Aug 26, 2016 10:04 pm IST

चीन के गुआंगझोउ शहर में पुलिस ने हॉस्टल चलाने वालों से पाकिस्तान समेत पांच देशों के लोगों को हॉस्टल देने से मना किया है। हॉस्टल संचालकों से कहा गया है कि वे इन देशों के मेहमानों को अगले महीने तक अपनी सेवाएं न दें।

प्रतीकात्मक तस्वीर।- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर।

बीजिंग: चीन के गुआंगझोउ शहर में पुलिस ने हॉस्टल चलाने वालों से पाकिस्तान समेत पांच देशों के लोगों को हॉस्टल देने से मना किया है। हॉस्टल संचालकों से कहा गया है कि वे इन देशों के मेहमानों को अगले महीने तक अपनी सेवाएं न दें। हांगकांग के अखबार साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक खबर के मुताबिक शहर के कई हिस्सों में हॉस्टलों ने इस बात की पुष्टि भी की है। 

इन्हें भी पढ़ें:

अखबार की रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय पुलिस ने हॉस्टल संचालकों से इस सप्ताह से अफगानिस्तान, तुर्की, इराक, सीरिया और पाकिस्तान के लोगों को किसी भी प्रकार की सर्विस देने से मना किया है। सूची में पाकिस्तान का नाम शामिल होना हैरानी की बात है क्योंकि उसके साथ चीन के संबंध काफी अच्छे हैं। गुआंगझोउ पुलिस का यह कदम 11वें पान-पर्ल रिवर डेल्टा रीजनल कॉपरेशन एंड डवलपमेंट फोरम से पहले आया। फोरम का आयोजन गुआंगझोउ में गुरुवार से शुरू हुआ। 

इसी तरह चार-पांच सितंबर को हांगझोउ शहर में जी20 देशों के नेताओं की बैठक होगी। इस कदम के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने कहा कि हमने चीन में इस तरह की नीति को अपनाए जाने के बारे में कभी नहीं सुना। उन्होंने कहा कि चीन के लिए हमारी नीति लोगों को चीन और अन्य देशों के बीच आदान-प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित करने की है। 

अखबार ने एक हॉस्टल के एक अधिकारी के हवाले से कहा, ‘स्थानीय पुलिस ने हमसे कहा है कि इन पांच देशों के मेहमानों को 10 सितंबर तक सेवाएं नहीं देनी हैं। हमें वजह नहीं बताई गई।’ यूशियू जिले के एक हॉस्टल के कर्मचारी ने एक लिखित नोटिस दिखाते हुए इस कदम की पुष्टि की। हालांकि गार्डन होटल या व्हाइट स्वान जैसे पांच सितारा होटलों या बड़े ब्रांड के बजट होटलों पर भी पाबंदी नहीं लगाई गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश