1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. श्रीलंकाई नेवी के जहाज से टकराने के बाद भारतीय नौका डूबी, कई मछुआरे लापता

श्रीलंकाई नेवी के जहाज से टकराने के बाद भारतीय नौका डूबी, कई मछुआरे लापता

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 19, 2021 07:28 pm IST,  Updated : Jan 19, 2021 07:28 pm IST

भारतीय नौका सोमवार को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) में डेल्फ्ट द्वीप के उत्तर पश्चिम में करीब 8 समुद्री मील दूर डूब गई।

Indian Fishing Boat Sinks, Indian Boat Sri Lankan Navy, Sri Lankan Navy, Sri Lankan Navy Ship- India TV Hindi
श्रीलंका की नौसेना के एक जहाज से टकराने के बाद मछली पकड़ने की एक नाव समुद्र में डूब गई। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

कोलंबो: श्रीलंका की नौसेना के एक जहाज से टकराने के बाद मछली पकड़ने की एक नाव समुद्र में डूब गई, जिसके चलते कई मछुआरों के लापता होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की मछली पकड़ने में इस्तेमाल होने वाली एक नौका कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमारेखा को पार करते समय श्रीलंकाई नौसेना के एक पोत से टकरा गई। श्रीलंकाई नौसेना के पोत से टक्कर के बाद भारतीय नौका समुद्र में डूब गई। नेवी द्वारा मंगलवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, लापता मछुआरों की तलाश और बचाने का कार्य जारी है।

’50 से ज्यादा ट्रॉलर दिखाई दिए थे’

भारतीय नौका सोमवार को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) में डेल्फ्ट द्वीप के उत्तर पश्चिम में करीब 8 समुद्री मील दूर डूब गई। श्रीलंकाई नौसेना ने इस बारे में बताते हुए कहा था कि डूब गई भारतीय नौका और उस पर सवार मछुआरों का पता लगाने के लिए उसने तलाश और बचाव अभियान शुरू किया है। उसने कहा, ‘नौसेना की इकाइयों ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमारेखा को पार करते हुए श्रीलंकाई जल क्षेत्र में घुस रहे भारतीय ट्रॉलरों को जब्त करने के लिए अभियान चलाया।’ नौसेना के अनुसार उसे 50 से अधिक ट्रॉलर दिखाई दिए थे।

‘श्रीलंकाई पोत से टकराई नौका’
बयान के मुताबिक, इसी अभियान के दौरान एक भारतीय ट्रॉलर ने मौके से बच निकलने का प्रयास किया जिसके कारण वह श्रीलंकाई नौसेना के पोत से टकरा गई। बयान में कहा गया, ‘टक्कर से एसएलएन फास्ट अटैक क्राफ्ट पोत भी क्षतिग्रस्त हो गया जिसे बाद में मरम्मत के लिए सुरक्षित कानकेसनतुरई हार्बर लाया गया।’ श्रीलंका की नौसेना ने इसके बाद डूब गये ट्रॉलर पर सवार मछुआरों की तलाश और उन्हें बचाने के अभियान की शुरुआत की। नेवी ने कहा कि लापता मछुआरों की संख्या नहीं पता है। बयान में कहा गया है कि संबंधित भारतीय अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और घटना की जांच चल रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश