1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारतीय ने पत्नी के साथ मिलकर मां को टॉर्चर किया, पसलियां तोड़ीं और भूखे मार दिया

भारतीय ने पत्नी के साथ मिलकर मां को टॉर्चर किया, पसलियां तोड़ीं और भूखे मार दिया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 20, 2019 12:51 pm IST,  Updated : Jun 20, 2019 12:51 pm IST

दुबई की एक अदालत में 29 वर्षीय भारतीय और उसकी पत्नी पर उसकी मां के साथ बुरी तरह मारपीट का आरोप लगाया गया है।

Indian man wife torture, breaks mother's ribs, starves her to death in Dubai | Pixabay Representatio- India TV Hindi
Indian man wife torture, breaks mother's ribs, starves her to death in Dubai | Pixabay Representational

दुबई: दुबई की एक अदालत में 29 वर्षीय भारतीय और उसकी पत्नी पर उसकी मां के साथ बुरी तरह मारपीट का आरोप लगाया गया है। एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि हमले के चलते महिला की हड्डी और पसली में फ्रैक्चर हो गया, आंतरिक रक्तस्राव हुआ। महिला के शरीर का करीब 10 फीसदी हिस्सा जला हुआ भी पाया गया। आरोप है कि पति-पत्नी ने महिला को इतना प्रताड़ित किया कि उसकी मौत हो गई। प्राथमिक सुनवाई में अदालत को बताया गया कि भारतीय और उसकी 28 वर्षीय पत्नी ने कई बार बुजुर्ग महिला को प्रताड़ित किया।

'सिर्फ 29 किलो रह गया था बूढ़ी महिला का वजन'

रिपोर्ट के अनुसार, घटना जुलाई 2018 से अक्टूबर 2018 के बीच की है। एक फॉरेंसिक डॉक्टर ने कहा कि बुजुर्ग महिला का मौत के समय वजन मात्र 29 किलोग्राम था। दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है हालांकि उन्होंने खुद पर लगे आरोपों को खारिज कर दिया। इस संबंध में अल कुसैस पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक मामले का खुलासा 54 वर्षीय पड़ोसी ने किया है जो एक अस्पताल में कर्मचारी है। इस भारतीय गवाह ने अपने अपार्टमेंट में उस व्यक्ति की पत्नी से हुई मुलाकात के बारे में बताया।

'बेटी की देखभाल के लिए मां को लेकर आया था'
महिला ने कहा, ‘वह अपनी बेटी को पकड़े हुए थी। उसने दावा किया था कि उसकी सास भारत से आई है लेकिन उसकी बेटी का ध्यान नहीं रखती जिससे उसकी बेटी अकसर बीमार पड़ जाती है। वह चाहती थी कि उसके काम से वापस लौटने तक मैं उसका ध्यान रखूं।’ चश्मदीद महिला ने कहा कि करीब 3 दिन बाद उसने एक बुजुर्ग महिला को अपने पड़ोसी की बालकनी में पड़ा पाया। वह लगभग निर्वस्त्र थीं और उनके शरीर पर जलने के निशान भी थे। ‘मैंने चौकीदार को इसकी सूचना दी।’ महिला के मुताबिक उसने दंपती के घर का दरवाजा भी खटखटाया। महिला के बयान से लग रहा है कि भारतीय ने अपनी बेटी की देखभाल न होने पर अपनी मां को टॉर्चर किया था।

3 जुलाई तक हिरासत में रहेंगे पति-पत्नी
चश्मदीद महिला ने बताया, ‘मैंने उनकी मां को फर्श पर पड़ा पाया। उनकी हालत गंभीर थी और उन्हें तुरंत चिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता थी। मैंने एंबुलेंस बुलाई। पति-पत्नी अपने फ्लैट में ही रहे और अपनी मां के साथ नहीं गए। उन्होंने मुझे ही उनके साथ जाने के लिए कहा।’ अस्पताल के प्रमाणपत्र के अनुसार महिला की 31 अक्टूबर 2018 को मौत हो गई। मामले की सुनवाई 3 जुलाई तक स्थगित कर दी गई है और तब तक पति पत्नी हिरासत में रहेंगे। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश