
हिन्द महासागर में चीनी नौसेना की बढ़ती मौजूदगी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी द्वारा हाल ही में प्रकाशित एक श्वेतपत्र की पृष्ठभूमि में हुई है, जिसमें अपने तटों से बहुत अधिक दूर ‘खुले समुद्र में संरक्षण’ के लिए चीनी नौसेना की भूमिका को पहली बार रेखांकित किया गया है और इसमें नई सैन्य सामरिक नीति की रूपरेखा पेश की गई है। इसके साथ ही पिछले वर्ष कोलंबो बंदरगाह पर चीनी पनडुब्बी की मौजूदगी और हाल ही में कराची में इसकी मौजूदगी ने भारत में चिंताएं पैदा कर दी हैं।