1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ढाका हमला: IS ने हमलावरों का नया वीडियो जारी किया

ढाका हमला: IS ने हमलावरों का नया वीडियो जारी किया

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 25, 2016 07:39 am IST,  Updated : Sep 25, 2016 07:39 am IST

आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट ने ढाका के एक कैफे पर हुए आतंकी हमले में शामिल 5 आतंकियों का एक नया वीडियो जारी किया है।

islamic state releases new video of terrorists in dhaka...- India TV Hindi
islamic state releases new video of terrorists in dhaka attack

ढाका: आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट ने ढाका के एक कैफे पर हुए आतंकी हमले में शामिल 5 आतंकियों का एक नया वीडियो जारी किया है। बांग्लादेश के इस सबसे बर्बर आतंकी हमले में एक भारतीय लड़की सहित 22 लोग मारे गए थे। वीडियो में पांचों आतंकी इस्लामिक स्टेट के सशस्त्र जिहाद में मुसलमानों को शामिल होने से रोकने के लिए इस्लामी विद्वानों की आलोचना कर रहे हैं।

ढाका ट्रिब्यून अखबार की खबर के अनुसार, कल रात बंगाली और अरबी भाषाओं में जारी किए गए वीडियो के 15 मिनट लंबे संदेश में आतंकी समूह ने जेहादियों से इराक, सीरिया और दूसरी जगहों पर IS लड़ाकों के उत्पीड़न के बदले में नास्तिकों, काफिरों और आक्रमणकर्ताओं पर सशस्त्र हमले करने का आह्वान किया।

वीडियो सबसे पहले टेलीग्राम (मोबाइल मैसेजिंग ऐप) पर अरबी नशीर चैनल पर जारी किया गया। नशीर आईएस का अधिकारिक मीडिया चैनल है।

इस वीडियो के ढाका के गुलशन इलाके में हुए हमले से पहले रिकार्ड किए जाने की बात कही जा रही है। वीडियो में आतंकियों ने अपने रूख को सही ठहराते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और नेताओं की आलोचनाओं की।

खबर के अनुसार इससे पहले दिन में आईएस के बंगाली मीडिया अत-तम्किन ने अपनी वेबसाइट पर घोषणा की कि वे बिलाद अल-बंगाल मीडिया कार्यालय द्वारा निर्मित एक वीडियो जारी करेंगे। इस संदर्भ में बिलाद का मतलब प्रांत या क्षेत्र है।

गत 27 अगस्त को बांग्लादेशी सुरक्षा एजेंसियों ने हमले के मास्टरमाइंड तमीम अहमद चौधरी उर्फ शेख अबु इब्राहीम अल-हनीफ को मार गिराया था। वीडियो उसके एक महीने से भी कम समय बाद जारी किया गया है।

हमलावरों - निबरस इस्लाम, रोहन इम्तियाज, खैरूल इस्लाम पयेल, शफीकुल इस्लाम उज्जल और मीर सामेह मुबस्सर को गत 2 जुलाई को एक कमांडो अभियान में मार दिया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश