1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत से ‘दोस्ती की कोशिश’ के लिए नवाज शरीफ पर कुछ यूं भड़का हाफिज सईद

भारत से ‘दोस्ती की कोशिश’ के लिए नवाज शरीफ पर कुछ यूं भड़का हाफिज सईद

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 24, 2017 09:46 pm IST,  Updated : Nov 24, 2017 09:46 pm IST

नजरबंदी से रिहा होने के कुछ ही घंटे बाद मुंबई हमले के मुख्य षड्यंत्रकारी और जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद ने शुक्रवार को कहा कि...

Hafiz Saeed | AP Photo- India TV Hindi
Hafiz Saeed | AP Photo

लाहौर: नजरबंदी से रिहा होने के कुछ ही घंटे बाद मुंबई हमले के मुख्य षड्यंत्रकारी और जमात-उद-दावा (JuD) प्रमुख हाफिज सईद ने शुक्रवार को कहा कि भारत के साथ दोस्ती का प्रयास करके और ‘कश्मीर के मुद्दे’ की अनदेखी करके अपदस्थ प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने ‘विश्वासघात’ किया। सईद ने लाहौर में JuD मुख्यालय में जुमे पर एक घंटे तक कुतबा दिया। इसे सुनने के लिए यहां चौबुर्जी स्थित जामिया मस्जिद अल-कदसिया में बड़ी संख्या में JuD कार्यकर्ता जमा हुए थे। जुमे की नमाज के बाद कार्यकर्ताओं ने रिहाई पर सईद का अभिवादन किया और ‘कश्मीर के लिए जिहाद’ के अपने संकल्प को दोहराया।

सईद ने अपने भाषण में ‘विदेशी आकाओं से निर्देश लेने के लिए’ पाकिस्तानी सरकार को भी निशाना बनाया। साथ ही उसने कश्मीर में ‘भारतीय अत्याचार’ के बारे में भी बोला। सईद ने अपने समर्थकों को 10 महीने की अपनी हिरासत का कारण भी बताया। साथ ही यह भी बताया कि क्यों नवाज शरीफ को प्रधानमंत्री पद से हटना पड़ा। सईद ने कहा, ‘अपदस्थ प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को कश्मीरियों को त्यागने के लिए दंडित किया गया है। शरीफ को प्रधानमंत्री पद से हटाया गया क्योंकि उन्होंने कश्मीरियों के साथ विश्वासघात किया। वह भारत के साथ दोस्ती चाहते थे और कश्मीर मुद्दे की पूरी तरह अनदेखी की।’ उसने PML-N सरकार को कर्ज के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष नहीं झुकने की चेतावनी दी। उसने कहा, ‘शासकों को अमेरिका और अन्य देशों से निर्देश नहीं लेना चाहिए और अपना फैसला खुद करना चाहिए।’

सईद को आज तड़के नजरबंदी से रिहा किया गया जब पाकिस्तान सरकार ने किसी अन्य मामले में उसे और हिरासत में नहीं रखने का फैसला किया। सईद इस साल जनवरी से हिरासत में था। सईद ने कहा कि पाकिस्तान को भारत के साथ तब तक शांति वार्ता नहीं करनी चाहिए जब तक कि वह कश्मीर से अपनी सेना नहीं हटाता है। उसने कहा कि वह कश्मीरियों के लिए तब तक लड़ता रहेगा जब तक कि उन्हें आजादी नहीं मिल जाती। सईद ने एकबार फिर दोहराया कि भारत के अनुरोध पर अमेरिका ने पाकिस्तान पर उसे हिरासत में लेने का दबाव डाला।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश