1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. राजनाथ और पाकिस्तानी गृहमंत्री के बीच कोई द्विपक्षीय बैठक नहीं होगी

राजनाथ और पाकिस्तानी गृहमंत्री के बीच कोई द्विपक्षीय बैठक नहीं होगी

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 04, 2016 12:37 pm IST,  Updated : Aug 04, 2016 12:37 pm IST

गृह सचिव राजीव महर्षि ने आज कहा है कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह दक्षेस की मंत्री स्तरीय बैठक से इतर अपने पाकिस्तानी समकक्ष चौधरी निसार अली खान के साथ कोई द्विपक्षीय बैठक नहीं करेंगे।

rajnath singh- India TV Hindi
rajnath singh

इस्लामाबाद: गृह सचिव राजीव महर्षि ने आज कहा है कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह दक्षेस की मंत्री स्तरीय बैठक से इतर अपने पाकिस्तानी समकक्ष चौधरी निसार अली खान के साथ कोई द्विपक्षीय बैठक नहीं करेंगे। सातवें दक्षेस गृह मंत्री स्तरीय सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सिंह कल शाम यहां पहुंचे थे। ऐसी उम्मीद है कि वह इस सम्मेलन के दौरान घोषित वैश्विक आतंकी और अंडरवल्र्ड डॉन दाउद इब्राहिम का मुद्दा और सीमापार के आतंकवाद का मुद्दा भी उठाएंगे। जब महर्षि से सिंह और खान के बीच किसी द्विपक्षीय बैठक की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, कोई द्विपक्षीय बैठक नहीं होगी। हम पहले ही यह कह चुके हैं।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, गृहमंत्री दक्षेस देशों के अपने अन्य समकक्षों समेत परंपरा के मुताबिक आज शाम को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात करेंगे। गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय के शीर्ष अधिकारियों के बीच कल देर रात चले कई चरण के विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया कि अन्य गृह मंत्रियों के साथ-साथ सिंह भी शरीफ के साथ की जाने वाली शिष्टाचार भेंट में शामिल होंगे।

एक दिवसीय सम्मेलन में शिरकत करने के लिए इस्लामाबाद रवाना होने से पहले सिंह ने कहा था कि वह आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ क्षेत्र के भीतर अर्थपूर्ण सहयोग की अनिवार्यता को रेखांकित किए जाने की उम्मीद कर रहे हैं। सिंह ने कहा था, यह सम्मेलन सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए एक मंच उपलब्ध करवाता है। सिंह पाकिस्तान को भारत में आतंकवाद को बढ़ावा नहीं देने और लश्कर-ए-तैयबा एवं जैश-ए-मोहम्मद जैसे समूहों पर लगाम लगाने के लिए कह सकते हैं।

हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकी बुरहान वानी की बीते आठ जुलाई को जम्मू-कश्मीर में हुई मौत के बाद भारत-पाक रिश्तों में तनाव है। इस कारण सिंह और खान के बीच द्विपक्षीय बैठक की संभावना बहुत कम है। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने वानी की न सिर्फ तारीफ की थी बल्कि यह भी कहा था कि कश्मीर एक दिन पाकिस्तान बन जाएगा। इस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा था कि उनका :नवाज शरीफ का: राज्य को अपने देश :पाकिस्तान: का हिस्सा बनाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा, कायनात के खत्म हो जाने पर भी नहीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश