1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बीते 10 साल हर लिहाज से पाकिस्तान के लिये चुनौतीपूर्ण रहे: पाकिस्तानी सेना

बीते 10 साल हर लिहाज से पाकिस्तान के लिये चुनौतीपूर्ण रहे: पाकिस्तानी सेना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 11, 2021 11:16 pm IST,  Updated : Jan 11, 2021 11:16 pm IST

पाकिस्तान की सेना ने सोमवार को कहा कि बीता एक दशक चुनौतीपूर्ण रहा, फिर भी वह देशवासियों की मदद से आतंकवाद और अन्य सभी बाहरी खतरों से निपटने में कामयाब रही।

बीते 10 साल हर लिहाज से पाकिस्तान के लिये चुनौतीपूर्ण रहे: पाकिस्तानी सेना- India TV Hindi
बीते 10 साल हर लिहाज से पाकिस्तान के लिये चुनौतीपूर्ण रहे: पाकिस्तानी सेना Image Source : AP

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की सेना ने सोमवार को कहा कि बीता एक दशक चुनौतीपूर्ण रहा, फिर भी वह देशवासियों की मदद से आतंकवाद और अन्य सभी बाहरी खतरों से निपटने में कामयाब रही। सेना की मीडिया विंग आईएसपीआर के प्रवक्ता मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार ने यह बात कही। इस दौरान उन्होंने बीते 10 साल में पाकिस्तान के सामने आईं चुनौतियों को रेखांकित किया। 

उन्होंने कहा, ''बीते दस साल हर लिहाज से पाकिस्तान के लिये चुनौतीपूर्ण रहे। सरकार, संस्थाओं, सशस्त्र बलों, खुफिया एजेंसियों और विशेषकर पाकिस्तानी अवाम ने इन सभी चुनौतियों का मिलकर सामना करते हुए शांति बरकरार रखी।'' उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान को नुकसान पहुंचाने के लिये देश की पश्चिमी सीमा पर विभिन्न आतंकवादी संगठनों को शह दी जा रही है, जो भारत की ओर से पहले से मौजूद खतरों को और बड़ा बना देती है। 

सेना के प्रवक्ता ने दावा किया, ''चाहे भारत की चालबाजियां हों या फिर आधुनिय युद्धकौशल हो, आंतरिक चुनौतियां हो या फिर बाहरी, हमने न केवल (खतरों को) देखा और भांपा बल्कि उनका सफलतापूर्वक सामना भी किया। दुनिया ने भी इस बात को माना है।'' मेजर जनरल ने आरोप लगाया कि भारत कश्मीर मुद्दे और अनुच्छेद 370 को खत्म करने के खिलाफ आवाज उठाने के लिये पाकिस्तान विरोधी एजेंडे को बढ़ावा दे रहा है। 

भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय को स्पष्ट रूप से बता चुका है कि अनुच्छेद 370 को निरस्त करना उसका आंतरिक मामला है। भारत पाकिस्तान को सच्चाई स्वीकार करने और भारत-विरोधी दुष्प्रचार बंद करने की हिदायत दे चुका है। मेजर जनरल इफ्तिखार ने कहा कि अफगानिस्तान और ईरान से लगीं सीमाओं पर आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाते हुए सफलतापूर्वक अभियान चलाए गए हैं, जिससे क्षेत्र में शांति बहाल करने में मदद मिली है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश