1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में राष्ट्रपति चुनाव शुरू, जानें कौन है जीत का प्रबल दावेदार

पाकिस्तान में राष्ट्रपति चुनाव शुरू, जानें कौन है जीत का प्रबल दावेदार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 04, 2018 07:06 am IST,  Updated : Sep 04, 2018 01:12 pm IST

पाकिस्तान में आज देश का नया राष्ट्रपति चुना जाएगा। इस चुनाव में प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के उम्मीदवार आरिफ अल्वी के जीतने की संभावना है क्योंकि विपक्ष संयुक्त उम्मीदवार को उतारने में नाकाम रहा है।

pakistan- India TV Hindi
pakistan

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में आज देश का नया राष्ट्रपति चुना जाएगा। इस चुनाव में प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के उम्मीदवार आरिफ अल्वी के जीतने की संभावना है क्योंकि विपक्ष संयुक्त उम्मीदवार को उतारने में नाकाम रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान चुनाव आयोग (ECP) ने चुनाव के लिए सोमवार को तैयारियां पूरी कर ली थी। नेशनल एसेंबली के साथ सभी 4 प्रांतीय एसेंबली में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सरदार रजा खान निर्वाचन अधिकारी होंगे। (अमेरिका ने रद्द की 30 करोड़ डॉलर की सहायता तो पाकिस्तान बोला- यह हमारा ही पैसा है )

निवर्तमान राष्ट्रपति ममनून हुसैन का कार्यकाल 8 सितंबर को खत्म हो रहा है। उन्होंने 5 साल के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुनाव मैदान में उतरने से इनकार कर दिया। अल्वी के अलावा पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के चौधरी एतजाज अहसन और जमीअत-ए-उलेमा (एफ) के प्रमुख मौलाना फजल उर रहमान मुकाबले में हैं। कराची में रहने वाले अल्वी डेंटिस्ट से नेता बने हैं। संयुक्त विपक्ष अल्वी को चुनौती देने के लिए एक उम्मीदवार खड़ा करने वाला था लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने पिछले महीने नामी वकील और वरिष्ठ नेता अहसन को उम्मीदवार नामित किया था।

पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (PML-N) और मुत्ताहिदा मजलिस-ए-अम्ल (MMA) सहित अन्य विपक्षी दलों ने इस कदम का विरोध किया। मतभेद बढ़ने पर रहमान को नामित किया गया। विपक्षी दलों ने रविवार को लाहौर में बैठक की और राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा हुई। इस बैठक में PPP ने हिस्सा नहीं लिया। PPP नेता कमर जमां कैरा ने कहा कि विपक्ष में एकजुटता नहीं रहने का फायदा सत्तारुढ़ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने संकेत दिया कि PPP जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात कर अहसन के लिए उनकी पार्टी का समर्थन मांगेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश