1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: हत्या के प्रयास के बाद गृह मंत्री की सफल सर्जरी, एक और संदिग्ध गिरफ्तार

पाकिस्तान: हत्या के प्रयास के बाद गृह मंत्री की सफल सर्जरी, एक और संदिग्ध गिरफ्तार

 Reported By: Bhasha
 Published : May 07, 2018 08:10 pm IST,  Updated : May 07, 2018 08:10 pm IST

म चुनाव से कुछ हफ्ते पहले पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रविवार को एक धार्मिक कट्टरपंथी ने इकबाल की हत्या के प्रयास में उन्हें गोली मार दी थी...

Pakistan's interior minister Ahsan Iqbal 'out of danger' | AP- India TV Hindi
Pakistan's interior minister Ahsan Iqbal 'out of danger' | AP

लाहौर: पाकिस्तान  के गृह मंत्री अहसन इकबाल की सोमवार को लगातार 2 सफल सर्जरी की गईं। आम चुनाव से कुछ हफ्ते पहले पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रविवार को एक धार्मिक कट्टरपंथी ने इकबाल की हत्या के प्रयास में उन्हें गोली मार दी थी। घटना के सिलसिले में एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के वरिष्ठ नेता इकबाल (59) को हमले में एक गोली दाहिने कंधे में लगी थी। हमला इकबाल के अपने निर्वाचन क्षेत्र नरोवाल में एक चुनावी रैली को संबोधित किए जाने के बाद हुआ। लाहौर में सर्विसेज अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि सर्जरी सफल रही और इकबाल की स्थिति में अच्छा सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा,‘इकबाल अब खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।’

इकबाल की लगातार दो सर्जरी की गईं और अब उन्हें अस्पताल की गहन देखभाल इकाई (ICU) में स्थानांतरित कर दिया गया है। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा,‘ इकबाल के पेट की लैप्रोस्कोपी की गई है। गोली से पेट के अंदरूनी अंगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। उनके पेट से गोली नहीं निकालने का फैसला वरिष्ठ चिकित्सकों के एक समूह ने इस बात को ध्यान में रखते हुए लिया कि इससे उनके ऊतकों को अधिक नुकसान हो सकता है।’ उन्होंने कहा कि गोली मंत्री की दाहिनी कोहनी के जोड़ में भी लगी। इस बीच, पुलिस ने संदिग्ध अब्दी हुसैन (21) के खिलाफ हत्या के प्रयास और पाकिस्तान दंड संहिता के तहत आतंकवाद के आरोपों और आतंकवाद निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही हुसैन के एक सहयोगी अजीम को भी गिरफ्तार किया गया है जो उसके साथ रैली स्थल पर पहुंचा था। संदिग्ध के पास से 30 बोर की एक पिस्टल और 9 कारतूस बरामद हुए हैं।

इकबाल लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित अपने गृह नगर नरोवाल में रविवार शाम सवा छह बजे एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद रवाना हो रहे थे, तभी हुसैन ने उन पर गोली चलाई जो उनके हाथ और पेट में लगी। हुसैन के गृह मंत्री पर गोली चलाने के तुरंत बाद PML-N के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया। नरोवाल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इमरान किशवार ने कहा कि संदिग्ध को इकबाल पर गोली चलाने का दूसरा अवसर नहीं मिला। प्रारंभिक जांच के अनुसार हुसैन धार्मिक संगठन तहरीक-ए-लब्बैक-यारासुलल्ला-पाकिस्तान (TLYP) से ताल्लुक रखता है। सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा, ‘गृह मंत्री पर गोली चलाने वाला संदिग्ध TLYP का है। हम इस हमले का उद्देश्य जानते हैं लेकिन मैं यह कहना चाहूंगी कि यह PML-N के खिलाफ बहुत ही खतरनाक खेल खेला जा रहा है।’ 

पंजाब सरकार ने इकबाल पर हमले की जांच के लिए आज संयुक्त जांच टीम (JIT) गठित कर दी। वहीं, पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध न करने के आरोप में शाह गरीब थाने के प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने मंत्री पर इसलिए गोली चलाई क्योंकि वह खत्मे नबुवत से संबंधित धारा संविधान से हटाने को लेकर सत्ताधारी PML-N से बदला लेना चाहता था। संदिग्ध एक धार्मिक परिवार से है और TLYP का कार्यकर्ता है।’ अधिकारी ने कहा कि आज हुसैन ने यह कहते हुए बयान दिया कि उसने हमले को ‘अकेले ही अंजाम दिया क्योंकि PML-N के निर्णय से उसकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।’ PML-N के संघीय मंत्रियों ख्वाजा साद रफीक और तलाल चौधरी ने आशंका व्यक्त की है कि हमला जून/जुलाई में होने वाले आम चुनाव में विलंब कराने या फिर PML-N को इसमें हिस्सा लेने से रोकने की साजिश हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश